द फॉलोअप डेस्क
बिहार स्थित पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल PMCH में शिशु विभाग, स्त्री-प्रसूति विभाग और आंख विभाग को नवनिर्मित भवन में शिफ्ट करने की जानकारी निकल कर सामने आई है। बता दें कि, यह निर्णय स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लिया गया है। बताते चलें कि, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा शनिवार को अस्पताल का दौरा किया गया था, जिसके बाद मरीजों की संख्या और ईलाज में आ रही समस्याओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, BMSCIL और निर्माण एजेंसी L&T के अधिकारियों ने इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं, इस बैठक में शिशु विभाग और स्त्री-प्रसूति विभाग को 21 और 28 फरवरी को शिफ्ट करने की तारीख तय की गई।

बताते चलें कि, शिफ्टिंग से पहले इन सभी विभागों में आवश्यक संसाधनों की कमी को पूरा करने की योजना बनाई गई है। शिशु विभाग के नीकू और पीकू में 55 बेड, सामान्य शिशु मरीजों के लिए 66 बेड बनाये जाएंगे। वहीं, थैलेसीमिया, एनआरसी और सामान्य शिशु रोगियों के लिए 30 बेड निर्धारित किए गए हैं। साथ ही, स्त्री-प्रसूति विभाग के लिए 90 सामान्य बेड, दो अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, एक पोस्ट ऑपरेटिव और रिकवरी रूम के साथ 10 ICU भी आवंटित किए गए हैं। इन दोनों विभागों के शिफ्ट होने के बाद आंख विभाग को शिफ्ट किया जाएगा।
.jpeg)
वहीं, PMCH के रेडियोलॉजी विभाग में स्थित 2 CT SCAN और 1 MRI मशीन को चालू करने पर भी चर्चा की गई है। बताया जा रहा है कि CT SCAN के लिए भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र से पत्राचार किया गया है और MRI को चालू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए BMSCIL के माध्यम से प्रशिक्षित कर्मी उपलब्ध कराए जाएंगे। इस कदम से मरीजों को मुफ्त सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। वहीं, स्वास्थ्य सचिव के साथ बैठक के बाद, PMCH के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। इस बैठक में सभी विभागाध्यक्षों से उनके विभागों में ओपीडी, ओटी, माइनर ओटी आदि में आवश्यक उपकरणों और वस्तुओं की जायजा भी ली गई।