logo

80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को पीटने वाला दारोगा हुआ सस्पेंड, जानिए कहां का है मामला

bihar15.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

बिहार के अरवल जिले में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की पिटाई करने वाले पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई की गई है। आरोपी दारोगा, राघव कुमार झा, को अरवल एसपी ने मंगलवार को निलंबित कर दिया। इस मामले में पीड़ित बुजुर्ग महिला लाखमणो देवी राजद के प्रदेश सचिव रामाशीष रंजन और अरवल मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक रंजन की मां हैं।
मामला बीते 29 नवंबर का है, जब अरवल जिले के खजुरी पैक्स चुनाव के दौरान एसआई राघव झा पर पक्षपाती होने का आरोप लगा था। चुनावी विवाद के चलते रामाशीष रंजन और अभिषेक रंजन से पुलिस की नोंकझोंक हो गई थी। उसी रात पुलिस की टीम ने दोनों के घरों पर छापेमारी की और इस दौरान दारोगा राघव झा ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला लाखमणो देवी की पिटाई की। पिटाई की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
इस घटना के बाद सांसद और विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी और डीएम से मिला था, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। इसके बाद, विधान पार्षद कुमार नागेंद्र उर्फ रिंकू यादव ने इस मामले को विधान परिषद में जोर-शोर से उठाया। मुख्यमंत्री ने भी इस मामले का संज्ञान लिया और कहा कि दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की जाएगी।
विधान परिषद में मामला उठने के बाद पुलिस महकमा हरकत में आया। अरवल एसपी ने मामले की जांच की और एसआई राघव झा को दोषी पाया। इसके बाद एसपी ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया। यह घटना राज्य में पुलिस कर्मियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
 

Tags - Biharbiharnewsbiharpostbiharpolicelatestpostcrimenews