कटिहार:
बिहार के कटिहार (Katihar) जिला के जेल से एक हैरान करने वाला वीडियो (Viral Video) सामने आया है। जहां एक बिल्कुल चुस्त-दुरुस्त दिखने वाले शख्स की कुछ सेकेंड में ही बैठे-बैठे मौत हो गई। कटिहार प्राणपुर थाना हाजत में हुई मौत का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। 31 सेकेंड का यह वीडियो इस बात की तस्दीक कर रहा है कि कैसे एक शख्स की मौत बैठे-बैठे ही हो गई। हालांकि, हम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं। कैदी की मौत के बाद उग्र भीड़ ने तोड़फोड़ और आगजनी की।

एसआईटी करेंगी फुटेज की जांच
मृतक की पहचान शराब तस्कर प्रमोद के रूप में हुई है। वायरल वीडियो के बारे में दावा किया जा रहा है घटना के बाद सियासी घमासान के बीच प्राणपुर थाना में उग्र भीड़ ने तोड़फोड़ और आगजनी की थी। इसी हंगामे के बाद प्राणपुर थाने में लगे सीसीटीवी में मृतक शराब तस्कर प्रमोद की लाइव तस्वीर मिली है। जारी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि प्रमोद पुलिस हाजत में साथ में पकड़े गए अभियुक्त से बातचीत कर रहा है। इसी दौरान अचानक बैठे-बैठे ही गिर गया। आशंका जताई जा रही है कि लॉकअप में उसे हार्ट अटैक आ गया। और उसकी मौत हो गई। फिलहाल इस फुटेज की जांच मामले में गठित एसआईटी कर रही है। जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट
युवक की मौत की खबर उसके गांव में आग की तरह फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ मृतक को देखने थाना परिसर में उमड़ पड़ी। भीड़ इस कदर जुटी कि पुलिस प्रशासन का विरोध करते हुए थाना परिसर में ही तोड़फोड़ करने लगे। हंगामे के दौरान पुलिस पर हुए लाठी-डंडे और रॉड से वार एवं पथराव में एक थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी घायल थे। जिसमें डंडखोरा थानाध्यक्ष शैलेश कुमार को काफी गंभीर चोट आई थी। इस दौरान लोगों ने उनका सर्विस रिवाल्वर भी छीन लिया था।

विधायक ने कहा पुलिस के मार से हुई मौत
मामले में प्राणपुर विधायक निशा सिंह ने सदर अस्पताल पहुंच कर मृतक के परिजनों से मिलकर सरकार और प्रशासन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने शराबबंदी को विफल बताते हुए पुलिस पर भी कई तरह के सवाल उठाए हैं। विधायक ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति शराब मामले में पकड़ आता है तो पुलिस को किसने हक दिया कि उनके साथ मारपीट की घटना को अंजाम दे। पुलिस के मार से उस युवक की मौत हुई है। उनके छोटे-छोटे बच्चे है। जिनका भरण-पोषण कौन करेंगे। उन्होंने डीएम से भी मिलकर अपनी बातों को रखा है।