logo

पटना एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां

PATNA21.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पटना एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की एक गंभीर धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई है, जिससे प्रशासनिक और सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है। यह धमकी भरा ईमेल सीधे पटना एयरपोर्ट के निदेशक के आधिकारिक ईमेल पते पर प्राप्त हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि ईमेल एस्टोनिया की एक एन्क्रिप्टेड ईमेल सेवा कंपनी के माध्यम से भेजा गया है, जो 2024 से अपनी सेवाएं दे रही है। धमकी की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट की बम थ्रेट असेसमेंट कमेटी ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। यह तलाशी सोमवार देर रात तक जारी रही। जांच के बाद एयरपोर्ट के सुरक्षा अधिकारी विक्की सिंह ने हवाई अड्डा थाने में इस संबंध में एक लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया, "केस दर्ज कर लिया गया है और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की साइबर सेल को ईमेल की जांच सौंपी गई है। पटना पुलिस भी स्वतंत्र रूप से जांच में जुटी है। इससे पहले भी 18 जून 2024 को इसी प्रकार की धमकी दी गई थी।" एस्टोनिया की उक्त ईमेल सेवा कंपनी की नीति के अनुसार, वह किसी भी देश की पुलिस को सीधे जानकारी नहीं देती है और केवल एस्टोनियाई अदालत के आदेश के बाद ही सहयोग करती है। ऐसे में भारतीय एजेंसियों को इस मामले में सीबीआई के माध्यम से म्युचुअल लीगल असिस्टेंस ट्रीटी (MLAT) के तहत जानकारी प्राप्त करनी होगी।

यदि धमकी देने में वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) का उपयोग किया गया है, तो संदिग्धों की पहचान करना पुलिस के लिए और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि भारत में किन-किन उपयोगकर्ताओं ने इस ईमेल सेवा का प्रयोग किया है। फिलहाल पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों को पूरे एयरपोर्ट परिसर में तैनात किया गया है। आने-जाने वाले हर व्यक्ति की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और यात्रियों के सामान की भी गहन जांच की जा रही है।