logo

भागलपुर से लापता 2 बच्ची सोनाक्षी और जिया को पुलिस ने मुंबई से किया सकुशल बरामद, SSP ने की पुष्टि

ugimtumi.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भागलपुर से लापता दो छात्राएँ, सोनाक्षी और जिया को पुलिस ने मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है। बता दें दोनों छात्राएँ 8 जनवरी को घर से स्कूल के लिए निकली थीं, लेकिन इसके बाद से लापता हो गई थीं। 9 जनवरी को परिजनों ने बबरगंज थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP के निर्देश पर एसआईटी टीम का गठन किया गया था। गठित टीम की मॉनिटरिंग सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह कर रहे थे। एसआईटी की 8 सदस्यीय टीम ने तीन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और रेलवे टिकट से जुड़े साक्ष्यों की कड़ियों को जोड़ते हुए दोनों छात्राओं को सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की।
बबरगंज पुलिस ने घटना की जानकारी लापता छात्रा के पिता को दी कि उनकी बेटी मुंबई में सकुशल है। इसके बाद लापता छात्रा के पिता थाना पहुंचे। पुलिस उन्हें SSP कार्यालय लेकर गई, जहां उन्होंने राहत की सांस ली और भागलपुर पुलिस को धन्यवाद दिया। सोनाक्षी की मां ने कहा कि यदि पुलिस इसी तरह सक्रिय रहे, तो बिहार जरूर सुधरेगा। उन्होंने मीडिया कर्मियों का भी धन्यवाद किया और कहा कि उनकी आवाज बुलंद करने का नतीजा है कि आज उनकी बेटी सकुशल बरामद हुई है।

मामले को लेकर SSP प्रमोद कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर बरामदगी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि 9 जनवरी को सोनाक्षी के पिता ने बबरगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद से ही मामले की लगातार जांच की जा रही थी। एसआईटी टीम का नेतृत्व सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह कर रहे थे। इस अभियान में DIU (डीआईयू) की टीम को भी शामिल किया गया था। SSP ने बताया कि कई तकनीकी और मानवीय कड़ियों को जोड़ते हुए दिल्ली और मुंबई पुलिस से भी सहयोग लिया गया। दोनों छात्राओं के मिसिंग फोटो भी जारी किए गए थे। अंततः मुंबई के डोंगरी CHC के पास दोनों छात्राओं को सकुशल बरामद किया गया। लापता छात्रा के पिता ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि 24 दिन बाद उनकी बच्चियों का सुराग मिल पाया है। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि भागलपुर पुलिस की एक टीम परिजनों के साथ मुंबई रवाना हो रही है।

 

Tags - Latest jharkhand News jharkhand News updates latest jharkhand News jharkhand News in hindi Bhagalpur news Updates Latest Bhagalpur enws Bhagalpur news in hindi latest Bhagalpur news Bhagalpur news updates latest Bhagalpur updates