द फॉलोअप डेस्क
बिहार के गया जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दस वर्षीय बच्ची के गले में दो ज़हरीले करैत सांप लिपटे हुए पाए गए। यह घटना फतेहपुर थाना क्षेत्र के जम्हेता गांव की है। रविवार की रात राजू कुमार केसरी अपने परिवार के साथ घर में सोए हुए थे। सोमवार सुबह उनकी पत्नी ने जब उठकर देखा, तो उनकी बेटी सलोनी कुमारी (10 वर्ष) के गले में दो सांप लिपटे हुए थे। बच्ची की मां ने तुरंत शोर मचाया, जिससे घर में हड़कंप मच गया। पिता राजू कुमार केसरी जब मौके पर पहुंचे, तो नजारा देखकर वह भी स्तब्ध रह गए। लेकिन अपनी बच्ची की जान बचाने के लिए उन्होंने साहस दिखाते हुए दोनों सांपों के मुंह को अपने हाथों से पकड़कर दबा दिया, जिससे दोनों सांपों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना के बाद परिवार बच्ची को लेकर फतेहपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में बच्ची और उसके पिता दोनों को स्वस्थ पाया, हालांकि ऐहतियात के तौर पर उन्हें गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में और परीक्षण के लिए भेजा गया। राजू कुमार केसरी के साहस की गांव में खूब चर्चा हो रही है। विषधर करैत सांप अत्यंत ज़हरीले माने जाते हैं, ऐसे में बिना डरे दो सांपों को नियंत्रित करना और बच्ची की जान बचाना एक बड़ी बहादुरी मानी जा रही है।

राजू कुमार ने कहा, "मैंने अपनी बेटी की जान बचाने के लिए जान की परवाह नहीं की। जब उसे देखा तो एक पल भी सोचने का समय नहीं था। बस जैसे-तैसे सांपों को पकड़कर हटाया और बच्ची को सुरक्षित किया।"
