द फॉलोअप डेस्क
बिहार के भागलपुर जिले में भाइयों के बीच हुए विवाद में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। इस विवाद में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय भांजे विकल यादव की मौत हो गई, जबकि दूसरा भांजा जयजीत यादव और बहन घायल हो गये। इस घटना के बाद गुरुवार रात नित्यानंद राय अपनी बहन के घर नवगछिया के जगतपुर गांव पहुंचे। वहां उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। शुक्रवार सुबह मंत्री भागलपुर सर्किट हाउस पहुंचे, लेकिन इस दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और केवल कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं से ही मुलाकात की। मीडिया से नहीं की बात
बता दें कि इस दौरान मंत्री नित्यानंद राय ने मीडिया से बातचीत करने से मना कर दिया। वो सीधे अपने कमरे से बाहर निकलकर कार में बैठकर रवाना हो गए। उन्होंने अपनी बहन के परिवार के सदस्यों से मिलकर घटना पर गहरा दुख जताया। इसके बाद मंत्री देवघर के लिए रवाना हुए, जहां से उनका दिल्ली जाने का कार्यक्रम था।
संपत्ति विवाद में चली गोली
जानकारी हो कि यह घटना गुरुवार को उस वक्त हुई जब विकल यादव और जयजीत यादव के बीच संपत्ति को लेकर विवाद बढ़ा और दोनों ने एक-दूसरे पर गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में विकल यादव की मौत हो गई, जबकि जयजीत यादव घायल हो गया। उसे भागलपुर में प्राथमिक उपचार के बाद पटना के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस घटना में मंत्री की बहन भी घायल हुईं, जिन्हें हाथ में गोली लगी, लेकिन उनकी हालत अब स्थिर है।
इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। शुक्रवार को एफआईआर दर्ज किए जाने की संभावना है। पुलिस ने दोनों पक्षों से बयान भी लिए हैं। पूरे परिवार पर इस घटना का गहरा सदमा है।