द फॉलोअप डेस्क
बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले RJD के खेमे में बड़ा बदलाव हो रहा है। जिस बात के बहुत दिनों से कयास लगाए जा रहे थे, उस पर लगभग पूर्ण विराम लगने जा रहा है। क्योंकि राजद को उसका नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। अध्यक्ष की कुर्सी पर कौन बैठेगा, इसको लेकर बहुत दिनों से चर्चा हो रही थी, लेकिन अब ये लगभग तय हो गया है कि पार्टी के अनुभवी नेता मंगनी लाल मंडल ही इस कुर्सी पर आसीन होंगे, जिसकी औपचारिक घोषणा भी जल्द हो जाएगी।
लंबा रहा है राजनीतिक अनुभव
मंगनी लाल मंडल ने RJD के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. तनवीर हसन के समक्ष नामांकन-पत्र दाखिल किया। पटना के ज्ञान भवन में 19 जून को राजद के राज्य परिषद की बैठक में उनके नाम की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। मंगनी लाल मंडल राष्ट्रीय जनता दल पार्टी के नेता हैं। मंगनी लाल मंडल ने लोकसभा में बिहार की झंझारपुर निर्वाचन क्षेत्र का नेतृत्व किया था। साल 1986 से 2004 तक वह बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे। इस दौरान वे राज्य मंत्रिमंडल में मंत्री पद पर भी रहे।
RJD छोड़ JDU में चले गए थे
मंगनी लाल मंडल राजद के वरिष्ठ नेताओं और वफादार नेताओं में गिने जाते हैं और अतिपिछड़ा समाज से आते हैं। हालांकि, उन्होंने बीच में पार्टी से किनारा भी किया था और वे जेडीयू में शामिल हो गए थे। JDU में मंगनी लाल मंडल ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की भूमिका निभाई थी। हालांकि मंगनी लाल मंडल ने फिर JDU का दामन छोड़ दिया और जनवरी 2025 में उन्होंने जेडीयू छोड़कर फिर से RJD के साथ चले गए। RJD में वापसी के दौरान उन्होंने JDU पर गंभीर आरोप लगाया था और कहा था कि जेडीयू में अति पिछड़ों के साथ अन्याय हो रहा है और वहां आंतरिक लोकतंत्र नहीं बचा है।
विधानसभा चुनाव से पहले अहम बदलाव
RJD सुप्रीमो लालू यादव ने उन्हें आगामी चुनाव में राजनीति समीकरण देखते हुए ही यह अहम जिम्मेदारी देने का मन बनाया है। इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि RJD प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के जरिए अतिपिछड़े वर्ग को अपने साथ मजबूती से जोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। बता दें कि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की विदाई लगभग तय हो गई है। RJD अब प्रदेश स्तर पर नए नेतृत्व को मौका देने की तैयारी में है, जिस पर बस अंतिम मुहर लगने का इंतजार है।