द फॉलोअप डेस्क
बिहार के बांका में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार देर शाम एक विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। महिला की शादी को 4 साल हो चुके थे, लेकिन पति-पत्नी के बीच अकसर विवाद होते रहते थे। बताया जा रहा है कि मोबाइल पर पति से झगड़े के बाद महिला ने यह दर्दनाक कदम उठाया।
मृतका की मां के अनुसार पति को शक था कि उसकी पत्नी किसी अन्य युवक से फोन पर बात करती है, इसी बात को लेकर दोनों में कई बार झगड़ा हो चुका था। मां ने बताया कि मैंने बेटी को बहुत समझाया था, लेकिन वो नहीं मानी और गुस्से में आकर जान दे दी। महिला का पति एक महीने पहले रोजी-रोटी के लिए दिल्ली गया था। गुरुवार रात उसने पत्नी को कॉल किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। अगली सुबह दोनों के बीच मोबाइल पर बहस हुई, जिसके कुछ देर बाद पत्नी ने आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना सबसे पहले महिला के ससुर ने ग्रामीणों को दी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे दारोगा कुंदन कुमार और पंकज राय की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। मृतका की मां ने यूडी केस दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।