द फॉलोअप डेस्क
भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल बिहारी सभागार में आज 'मोदी सरकार के 11 साल - संकल्प से सिद्धि तक' को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने की। डॉ. दिलीप जायसवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र जी, प्रदेश संगठन महामंत्री भिखुभाई दलसानिया और इस कार्यक्रम के संयोजक सह महामंत्री राधामोहन शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर इस कार्यशाला का उद्घाटन किया। उसके पश्चात महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण किया गया और अंगवस्त्र से मंचासीन अतिथियों और पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।
इस कार्यशाला में प्रदेश की नई टीम सहित जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला संयोजक, जिला सह-संयोजक सहित 350 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने अपने अध्यक्षीय भाषण में आए हुए प्रतिनिधियों, प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों को अपने-अपने जिले में पदाधिकारियों के बीच काम का बंटवारा कर कार्यक्रम को सफल करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इस 11 साल के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कई मील के पत्थर बनाए हैं। अब भारत दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहता है और हमारी गिनती उन देशों में होती है, जिनमें चीन, अमेरिका और रूस शामिल हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 साल उपलब्धियों वाले रहे हैं। उन्होंने भारत को 1,100 साल आगे ले जाने का काम किया है।
उन्होंने कहा, "पिछले 11 साल में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी बना है। जब नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने थे, उस समय हम 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था थे, मगर आज हिंदुस्तान दुनिया की चौथे नंबर की इकोनॉमी है।"
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि इस 11 साल में हमें भारत का नया स्वरूप दिखा है। इन वर्षों में देश ने सभी क्षेत्रों में विकास किया है, दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। हाल में हुए ऑपरेशन सिंदूर में हमने अपने सैन्य ताकत का भी प्रदर्शन कर दुनिया को लोहा मनवाया।
संयोजक राधामोहन शर्मा ने विषय पर विस्तृत चर्चा की। तारकेश्वर नाथ ठाकुर एडवोकेट सह-संयोजक ने अपनी बात विस्तार से रखते हुए प्रोफेशनल मीट सह प्रदर्शनी की चर्चा की। लाजवंती झा सह-संयोजक ने ग्राम पंचायतों तक चौपाल के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित करने का विषय रखा। मनोज सिंह सह-संयोजक ने मंडल स्तर तक कार्यशाला आयोजित करने पर चर्चा की। नितिन अभिषेक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने पर चर्चा की। कार्यशाला को महामंत्री राजेश वर्मा, नागेंद्र जी और भिखूभाई दलसानीया का मार्गदर्शन मिला।