सीतामढ़ी:
बिहार (Bihar) के सीतामढ़ी ( Sitamadhi) जिले से हैवानियत की खबर सामने आई है। पुपरी थाना क्षेत्र में बलात्कार करने में विफल रहे युवक ने एक युवती को आग के हवाले कर दिया। घटना में युवती गंभीर रूप से झुलस गई। पिछले 15 दिनों से उसका एसकेएमसीएच (SKMCH) में इलाज चल रहा था। जिंदगी और मौत से लड़ रही पीड़िता ने रविवार देर रात दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ( Bihar Police) ने आरोपित को गिरफ्तार कर पूर्व में ही न्यायिक हिरासत (judicial custody) में भेज दिया है।

पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी
घटना बीते 18 जून की है। युवती सीतामढ़ी से पैदल दवा लेकर घर लौट रही थी। पैदल चलने के कारण वह थक कर आराम करने के लिए गांव स्थित अपने बथान में लेटी हुई थी। तभी एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। युवती ने जब विरोध किया तो उसपर पेट्रोल छिड़ककर उसके शरीर में आग लगा दी। इसके बाद युवती जान बचाने के लिए दौड़कर पानी भरे पोखरा में कूद गई थी। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण पहुंचे। इसके बाद आनन-फानन में गंभीर रूप से झुलस चुकी युवती को अस्पताल ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया था। जहां उसने अंतिम सांसे ली।

युवती के बयान पर प्राथमिकी दर्ज
वहीं मामले की जांच कर रही अहियापुर पुलिस का कहना है कि युवती ने इस घटना के लिए ग्रामीण महेश राय के पुत्र अमर कुमार समेत तीन-चार अज्ञात को आरोपित किया था। उक्त बयान के आधार पर पुपरी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। साथ ही तुरंत कार्रवाई कर आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया था। इस घटना को लेकर लोगों में गम व गुस्से है।
