द फॉलोअप डेस्क
सिक्सर किंग युवराज सिंह जल्द ही बिहार को बड़ी सौगात देने वाले हैं। युवी ने ऐलान किया है कि वह बिहार में पहला क्रिकेट एकेडमी खोलने जा रहे हैं। यह एकेडमी पूर्णिया में खोला जाएगा। इसका नाम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस या फिर युवराज सिंह क्रिकेट एकेडमी होगा। इसे लेकर शुक्रवार को युवराज सिंह सीमांचल पहुंचे थे। इस दौरान युवराज ने एकेडमी के लिए चिन्हित स्थान का निरीक्षण किया। इस बात की जानकारी खुद युवराज सिंह ने दी है। उन्होंने कहा कि एकेडमी के इनॉग्रेशन में वो खुद आएंगे।

खुद एकेडमी में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे युवी
युवराज सिंह ने बताया कि वह खुद एकेडमी में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। इसके साथ ही क्रिकेट एकेडमी में खेलने वाले प्लेयर्स को स्टेट,नेशनल,इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का मौका दिया जाएगा। देश में समय-समय पर आयोजित क्रिकेट शिविरों में अकेडमी के प्लेयर्स को जाने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही अकेडमी में प्लेयर्स की परफॉर्मेंस मार्किंग के लिए नेशनल लेवल के विशेषज्ञ समय-समय पर प्रशिक्षण और चयन के लिए आएंगे। वह खिलाड़ियों को क्रिटिकल क्रिकेट का गुर सिखाएंगे।

बचपन में ठानी थी कि छोटे शहर में खोलूंगा
युवराज ने आगे कहा कि जब मैं छोटा था तो मैंने एक चीज हमेशा गौर किया था कि छोटे शहरों से प्लेयर्स आकर काफी स्ट्रगल करते हैं। उनके साथ कई तरह की समस्याएं होती हैं। इसी को अपने मन में रखते हुए मैंने छोटे शहर में अकेडमी की शुरुआत की बात सोची थी। पूर्णिया में क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत के साथ ही बिहार के बच्चों को निखरने का नया मौका मिलेगा। क्रिकेट सीखने के लिए उन्हें किसी दूसरे राज्य जाने की जरूरत नहीं होगी। वह अपने राज्य में रहकर ही सीखेंगे। साथ ही उन्हें अपने पढ़ाई से भी समझौता नहीं करना होगा।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT