logo

फर्जीवाड़ा : मनोज तिवारी, गोविंदा, रजा मुराद सहित कईयों पर जमशेदपुर में होगा केस दर्ज, 150 करोड़ फर्जीवाड़ा का है मामला

MANOJ_TOWARI_GOVINDA.png

जमशेदपुरः
बीजेपी सांसद व फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी, गोविंदा, चंकी पांडे, शक्ति कपूर, राजा मुराद पर जमशेदपुर में केस दर्ज होगा। यह केस मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड के 150 करोड़ के फर्जीवाड़ा मामले में दर्ज होगा। इन अभिनेताओं के साथ ही कंपनी के एमडी चंद्रभूषण सिंह, प्रियंका सिंह और परसुडीह विद्यासागर पल्ली निवासी सूर्य नारायण पात्रो के खिलाफ भी केस दर्ज होगा। इस फर्जीवाड़ा के शिकार 9 लोगों ने अधिवक्ता विद्या सिंह के माध्यम से सीजेएम की अदालत में याचिका दाखिल की है।


जांच का आदेश 
इस मामले में कोर्ट ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया है। मानगो निवासी सुबोध कुमार सिंह, मिथलेश कुमार सिंह, गोविन्दपुर निवासी रविन्द्र कुमार सिंह, उनकी पत्नी पूनम सिंह, मानगो जवाहरनगर निवासी अजीत कुमार, गोलमुरी निवासी तीर्थराज पांडे, उनकी पत्नी सोनी कुमारी, मानगो डिमना रोड निवासी लक्ष्मी तिवारी और उनके पति अरविंद तिवारी आदि ने 30 लाख रुपए धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में साकची थाने में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।


अभिनेता का विश्वास करके लोगों ने पैसा लगाया 
फर्जीवाड़ा का शिकार हुए लोगों ने दाखिल याचिका में बताया है कि कंपनी की ओर से 15 प्रतिशत ब्याज देने की बात कहकर एजेंट सूर्य नारायण पात्रो ने लोगों से रुपए निवेश कराए। इस कंपनी का प्रचार अभिनेता मनोज तिवारी, गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडे और राजा मुराद करते थे। उनका विश्वास करके ही लोगों ने कंपनी में निवेश किया था। इससे पहले साकची थाने में कंपनी के डायरेक्टर चंद्रभूषण सिंह और प्रियंका सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया था।