logo

बड़ी खबर : शिंजो आबे से पहले इन देशों के राष्ट्राध्यक्षों की भी हुई थी हत्या, सूची में 2 भारतीय प्रधानमंत्री भी हैं शामिल

a137.jpg

डेस्क: 

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शिंजो आबे को शुक्रवार की सुबह भारतीय समय अनुसार 8 बजे उस समय गोली मार दी गई जब वे नारा शहर में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। पत्रकार के वेश में आये हमलावर ने हैंड मेड गन से शिंजो आबे को करीब से गोली मारी। शिंजो आबे को 2 गोलियां लगीं। उनको एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

गौरतलब है कि किसी राष्ट्राध्यक्ष अथवा पूर्व राष्ट्राध्यक्ष की हत्या का ये पहला मामला नहीं है। दुनिया में पहले भी ऐसी हत्याएं हो चुकी है। बेनजीर भुट्टो, लियाकत अली खान, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और जापान के ही एक और प्रधानमंत्री इनुकाई सुयोशी की हत्या ऐसे ही की जा चुकी है। 

अब्राहम लिंकन
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की भी हत्या की गई थी। तारीख थी 14 अप्रैल 1865। अमेरिका के 16वें राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन उस दिन थियेटर में प्ले देखने गये थे। प्ले चल रहा था औऱ राष्ट्रपति इसका लुत्फ उठा रहे थे कि तभी हमलावर ने उनके सिर में पीछे से गोली मार दी। उनको अस्पताल ले जाया गया। 15 अप्रैल 1865 को उनका निधन हो गया। हमले के 10 दिन बाद सुरक्षाबल के जवानों ने हमलावर वाइक्स बूथ को मुठभेड़ में मार गिराया। इस घटना ने तब दुनियाभर में सनसनी मचा दी थी। 

जॉन एफ कैनेडी

जॉन एफ कैनेडी अमेरिका के दूसरे राष्ट्रपति हुए जिनकी हत्या कर दी गई। तारीख थी 22 नवंबर 1963। अमेरिका के 35वें राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी टेक्सास के डलास शहर में अपनी पत्नी के साथ कार में थे। कहा जाता है कि शहर के बीच पहुंचे तो कैनेडी ने अपनी गाड़ी लिमोजिन की छत खोल दी। उसी समय उन्हें गोली मार दी गई। हत्यारोपी ली हॉर्वी ऑस्वाल्ड को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे सजा होती उससे पहले ही जैक रूबी नाम के शख्स ने उसकी हत्या कर दी। 

इंदिरा गांधी

इंदिरा गांधी भारत की वो पहली प्रधानमंत्री थीं जिनकी पद पर रहते हुए गोली मारकर हत्या कर दी गई। तारीख थी 31 अक्टूबर 1984। इस दिन उनके दो सुरक्षा गार्ड्स सतवंत सिंह औऱ बेअंत सिंह ने इंदिरा गांधी को गोली मार दी। बेअंत सिंह की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। सतवंत सिंह और केहर सिंह को 6जनवरी 1989 को फांसी दे दी गई। कहा जाता है कि सतवंत सिंह और बेअंत सिंह अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में ऑपरेशन ब्लू स्टार के तहत सैन्य कार्रवाई किए जाने से नाराज थे। 

राजीव गांधी

भारत के भूतपूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या 21 मई 1991 को कर दी गई। लिट्टे के आतंकवादियों ने राजीव गांधी की हत्या की। राजीव गांधी उस दिन तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में चुनावी रैली को संबोधित करने गये थे। धनु नाम की लड़की वहां राजीव गांधी का पैर छुने के बहाने पहुंची और धमाका कर दिया। 

यित्जाक राबिन

4 नवंबर 1995 को इजरायल के तात्कालीन प्रधानमंत्री यित्जाक राबिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यित्जाक राबिन की हत्या उस वक्त कर दी गई थी जब वे तेल अवीव के किंग्स ऑफ स्क्वायर से रैली कर लौट रहे थे। यिगाल आमिर नाम के हमलावर ने उनको तीन गोलियां मारी। आमिर को गिरफ्तार किया गया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई गयी। 

बेनजीर भुट्टो
पाकिस्तान की पहली महिला प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या भी गोली मारकर कर दी गई थी। तारीख थी 27 दिसंबर 2007। बेनजीर भुट्टो रावलपिंडी में एक रैली को संबोधित करके लौट रही थी। हमलावर बिलकुल उनकी कार के पास आ गया औऱ बेनजीर भुट्टो को गोली मार दी। हमलावर ने खुद को भई गोली मार ली। 

जोवेनेइल मोसे
कैरेबियाई देश हैती के राष्ट्रपति जोवेनेइल मोसे को भी गोली मार दी गई थी। तारीख थी 7 जुलाई 2021। हमलावरों ने घर में घुसकर राष्ट्रपति को गोली मारी। हमले में उनकी पत्नी मार्टिन मोसे भी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। 

लियाकत अली खान
पाकिस्तान के पहले प्रधानमंत्री लियाकत अली खान की भी हत्या कर दी गई थी। 16 अक्टूबर 1951 को लियाकत अली खान को गोली मार दी गई थी। लियाकत अली खान को उस समय गोली मारी गई जब वे रावलपिंडी में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। पुलिस ने हमले के तुरंत बाद ही हमलावर सैद अकबर को मार गिराया था।