logo

BJP नेता पर बड़ा एक्शन, 120 गाड़ियों की रैली निकालना पड़ा भारी

प्रधान.jpg

द फॉलोअप,म.प्र.

मध्य प्रदेश के भिंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा बचाने की अपील की अनदेखी करना भाजपा नेता को भारी पड़ गया। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव को 120 गाड़ियों के स्वागत काफिले के बाद पार्टी ने अनुशासनहीनता मानते हुए पद से हटा दिया। 

पीएम मोदी की अपील की अवहेलना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डीजल-पेट्रोल बचाने और सादगी अपनाने की अपील की अवहेलना करना बीजेपी के नवनियुक्त किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव को भारी पड़ गया। ग्वालियर से भिंड तक सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन करने का वीडियो वायरल होने के बाद, प्रदेश संगठन ने इसे अनुशासनहीनता माना है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सज्जन सिंह की नियुक्ति निरस्त कर दी है। संगठन का स्पष्ट मानना है कि इस तरह की भव्य वाहन रैलियां पार्टी की कार्यशैली के विपरीत हैं और समाज में गलत संदेश देती हैं।

कार्रवाई सख्त

एक तरफ जहां मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पीएम की अपील पर अमल करते हुए अपने काफिले के वाहनों की संख्या 13 से घटाकर मात्र 6 कर दी है, वहीं दूसरी ओर पार्टी नेताओं द्वारा इस तरह का शक्ति प्रदर्शन नेतृत्व को नागवार गुजरा। मुख्यमंत्री ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों और मंत्रियों से सादगी से पदभार ग्रहण करने और सुरक्षा काफिले में वाहन कम करने की अपील की है। सज्जन सिंह के मामले में हुई यह त्वरित कार्रवाई यह संकेत देती है कि बीजेपी संगठन अब प्रधानमंत्री के निर्देशों की अनदेखी और अनुशासनहीनता के मामलों में कोई कोताही बरतने के मूड में नहीं है।

Tags - BJP leader action Bhind BJP news Sajjan Singh Yadav removed 120 vehicle rally controversy