logo

झारखंड स्थापना दिवस पर बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पहुंचे CM हेमंत-कल्पना, अर्पित की श्रद्धांजलि

झारखंड स्थापना दिवस पर बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पहुंचे CM हेमंत-कल्पना, अर्पित की श्रद्धांजलि

रांची:
Ranchi News:
झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर धरती आबा को नमन किया। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन तथा आदिवासी समाज की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष झारखंड के स्वाभिमान एवं गौरव का प्रतीक है। उनके विचार और आदर्श सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

बिरसा चौक पर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
कोकर स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बिरसा चौक पहुंचे। यहां उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस की सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए किया ऐतिहासिक संघर्ष
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन पूरे देश, विशेषकर आदिवासी समाज और झारखंडवासियों के लिए गौरव एवं ऐतिहासिक महत्व का है। धरती आबा ने अपने साहस, संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान से न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश को नई दिशा और प्रेरणा दी। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व करते हुए जल, जंगल, जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज की अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों के लिए संघर्ष किया।

बिरसा के सपनों का झारखंड बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा के सपनों और आदर्शों के अनुरूप झारखंड को समृद्ध, सशक्त एवं विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा, भाषा और प्राकृतिक संसाधन हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इनके संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ गरीब, वंचित, आदिवासी और मूलवासी समुदायों का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

Tags - Jharkhand Foundation DayBirsa Munda JayantiHemant SorenKalpana SorenRanchi News