जामताड़ा:
जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के बाबूडीह गांव से एक 12 वर्षीय बच्चे के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। गांव निवासी रंजीत तुरी का 12 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार तुरी पिछले कई दिनों से लापता है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में चिंता का माहौल है।

28 सितंबर की शाम घर से निकला था बच्चा
मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष कुमार तुरी 28 सितंबर की शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह गांव में लगे दुर्गा पूजा पंडाल को देखने जा रहा है। देर शाम तक जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और संभावित जगहों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
.jpeg)
3 अक्टूबर को थाने में दी गई सूचना
काफी तलाश के बाद भी जब सुभाष का पता नहीं चला तो 3 अक्टूबर की शाम परिजनों ने कर्माटांड़ थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी और गुमशुदगी का आवेदन सौंपा। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से बच्चे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। सुभाष उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, बाबूडीह में कक्षा 3 का छात्र है।
.jpeg)
पुलिस ने गठित की विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्माटांड़ थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे ने बताया कि परिजनों की शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की त्वरित जांच शुरू कर दी है। बच्चे की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। पुलिस टीम तकनीकी सहायता और सर्विलांस के जरिए बच्चे का सुराग लगाने में जुटी है। इसके अलावा सोशल मीडिया और स्थानीय नेटवर्क के माध्यम से भी लोगों से बच्चे की तलाश में सहयोग करने की अपील की गई है।