logo

बरहरवा रेलवे स्टेशन पर 4 नाबालिगों का रेस्क्यू, रांची ले जा रहे आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बरहरवा रेलवे स्टेशन पर 4 नाबालिगों का रेस्क्यू, रांची ले जा रहे आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

साहेबगंज: 
Sahibganj  News:
झारखंड के साहेबगंज जिले में बाल श्रम से जुड़ा एक मामला सामने आया है। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया है। आरोप है कि बच्चों को मजदूरी कराने के लिए वनांचल एक्सप्रेस से रांची ले जाया जा रहा था। इस मामले में आरपीएफ ने 36 वर्षीय शाहिद शेख को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर अभियान चलाया गया। टीम ने मौके से चार नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस कार्रवाई में एएसआई सुरेश पासवान, हेड कांस्टेबल नवीन कुमार यादव और मंथन संस्था बरहरवा की प्रतिनिधि आराधना मंडल शामिल थीं।

कबाड़ी दुकान में काम कराने के लिए ले जाने का आरोप
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शाहिद शेख (36), पिता इस्माइल शेख, निवासी पहाड़ गांव, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है। रेस्क्यू किए गए चारों बच्चों की उम्र 13, 15, 13 और 15 वर्ष बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें वनांचल एक्सप्रेस से बरहरवा से रांची ले जाया जा रहा था। वहां एक कबाड़ी दुकान में काम पर लगाने की योजना थी। इसके बदले प्रत्येक बच्चे को करीब 6 से 7 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्ति ने भी बच्चों को रांची ले जाकर कबाड़ी दुकान में काम दिलाने की बात स्वीकार की।

जीआरपी में दर्ज हुआ मामला, एसआई को मिली जांच की जिम्मेदारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने अपना लिखित प्रतिवेदन जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया। इसके आधार पर जीआरपी बरहरवा कांड संख्या 61/2026, दिनांक 21 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2)/143(5) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75/81 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसआई कृष्ण चंद्र गगराई को सौंपी गई है। वहीं, रेस्क्यू किए गए चारों बच्चों को आगे की देखरेख और आवश्यक कार्रवाई के लिए मंथन संस्थान बरहरवा की प्रतिनिधि आराधना मंडल को सौंप दिया गया है। आरपीएफ और संस्था की संयुक्त कार्रवाई को बाल सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Tags - Sahibganj NewsBarharwa Railway StationJharkhand Child LabourRPF Rescue OperationJharkhand Crime News