द फॉलोअप डेस्क:
Ranchi Railway Station News: रांची रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर पर यात्रियों को जल्द बड़ी सुविधा (Facility) मिलने वाली है। साउथ गेट पर नवनिर्मित प्लेटफॉर्म संख्या छह पर 10 अक्टूबर को ट्रायल रन (Trial Run) होगा, जबकि 12 अक्टूबर से टिकट काउंटर (Ticket Counter) शुरू करने की तैयारी है। दुर्गापूजा के दौरान इसी प्लेटफॉर्म से स्पेशल ट्रेनों (Special Trains) का परिचालन करने की भी योजना है। इससे त्योहार के दौरान स्टेशन पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन आसान बनाने में मदद मिल सकती है। इस बीच, दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने गुरुवार को रांची स्टेशन का निरीक्षण (Inspection) कर निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं (Passenger Facilities) की समीक्षा की।

10 अक्टूबर को प्लेटफॉर्म छह का ट्रायल रन
रांची रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर पर बनाये गये प्लेटफॉर्म संख्या छह को चालू करने की दिशा में रेलवे ने तैयारी तेज कर दी है। 10 अक्टूबर को इसका ट्रायल रन किया जायेगा। इसके बाद 12 अक्टूबर से साउथ गेट पर टिकट काउंटर शुरू करने की तैयारी है। महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने निरीक्षण के दौरान साउथ गेट पर बन रही बिल्डिंग और यात्रियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माणाधीन बिल्डिंग का काम नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया।
.jpeg)
दुर्गापूजा में प्लेटफॉर्म छह से चल सकती हैं स्पेशल ट्रेनें
दुर्गापूजा के दौरान रांची स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए रेलवे अतिरिक्त व्यवस्था करने में जुटा है। अधिकारियों के अनुसार, पूजा के दौरान चलायी जाने वाली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन प्लेटफॉर्म संख्या छह से करने की योजना है। इससे मुख्य प्लेटफॉर्म पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। वहीं, साउथ गेट पर टिकट काउंटर शुरू होने से स्टेशन के दक्षिणी छोर से आने-जाने वाले यात्रियों को टिकट लेने में सहूलियत होगी।
.jpeg)
नॉर्थ साइड की बिल्डिंग चरणबद्ध तरीके से तोड़ी जायेगी
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन के उत्तरी छोर पर स्थित बिल्डिंग का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी बिल्डिंग को एक साथ तोड़ने के बजाय चरणबद्ध तरीके से ध्वस्त किया जाये। इससे यात्रियों की सुविधा और आवागमन प्रभावित होने से बचाया जा सकेगा। इसके अलावा उन्होंने बिल्डिंग के सामने सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की संभावनाओं की जानकारी ली। पैसेंजर होल्ड एरिया का निरीक्षण करते हुए वहां जरूरी सुधार करने का भी निर्देश दिया।
बालसिरिंग, गोविंदपुर, बानो और ओर्गा स्टेशन का भी निरीक्षण
रांची स्टेशन के निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक बालसिरिंग स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने स्टेशन के प्रवेश द्वार की ऊंचाई बढ़ाने की बात कही। इसके बाद उन्होंने गोविंदपुर, बानो और ओर्गा स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी काम निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।