logo

पाकुड़ में राशन दुकान पर फायरिंग कर लूट की कोशिश, अगली डकैती से पहले 4 अपराधी गिरफ्तार

पाकुड़ में राशन दुकान पर फायरिंग कर लूट की कोशिश, अगली डकैती से पहले 4 अपराधी गिरफ्तार

पाकुड़: 
Pakur News: पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के महुलपहाड़ी में राशन दुकान (Ration shop) पर फायरिंग (Firing) कर लूट की कोशिश करने वाले अपराधियों को पुलिस ने अगली वारदात को अंजाम देने से पहले ही दबोच लिया। एसपी अनुदीप सिंह (Sp Anudeep Singh) के निर्देश पर गठित एसआईटी (SIT) ने महज पांच दिनों में मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हथियारों (Weapons) के साथ गिरफ्तार (Arrest) किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी आंगनगड़िया (Aangan-gadiya) में एक और डकैती की योजना बना रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

फुटबॉल मैदान में चल रही थी डकैती की तैयारी, पहुंच गई पुलिस
दो अक्टूबर की रात महुलपहाड़ी स्थित राशन दुकान में 5-6 अपराधियों ने फायरिंग करते हुए लूट का प्रयास किया था। घटना के बाद एसपी ने महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल/एसआईटी का गठन किया। टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ-साथ सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बंगाल सीमा से सटे आंगनगड़िया गांव के फुटबॉल मैदान में कुछ अपराधी डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही एसआईटी ने तत्काल घेराबंदी की और मौके से चार आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि, दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

हथियार, गोलियां और बाइक बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल, दो देसी कट्टे, सात जिंदा गोलियां, तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई अपाची बाइक (WB-46F-7762) बरामद की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने महुलपहाड़ी स्थित राशन दुकान में हुई लूट की कोशिश में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोलेश हांसदा (22), हेमलाल हेम्ब्रम (20), रामरंजन महतो (20) और सियान महतो (19) के रूप में हुई है। इनमें कोलेश हांसदा के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एक वारदात का खुलासा, दूसरी होने से पहले रोकी
एसआईटी की कार्रवाई से महुलपहाड़ी लूटकांड का खुलासा होने के साथ ही पुलिस ने एक और संभावित डकैती को अंजाम तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एसआईटी की त्वरित कार्रवाई पर एसपी अनुदीप सिंह ने टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारियों को 2,000 रुपये और पुलिसकर्मियों को 1,000 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
 

Tags - Pakur NewsCrime NewsMahulpahari LootPakudia ThanaJharkhand News