रांची:
Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के 26 वर्षीय योग शिक्षक(Yoga Teacher) राजा कुमार वर्मा उर्फ यश वर्मा की वियतनाम (Vietnam) में सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा वियतनाम के दलात शहर में शुक्रवार शाम हुआ। हादसे के बाद से परिवार शव को भारत लाए जाने का इंतजार कर रहा है। परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद से उनका शव (Dead Body) वियतनाम में ही है और अब तक भारत नहीं लाया जा सका है। परिजनों ने केंद्र और राज्य सरकार (Central Government and Jharkhand Government) से मदद की गुहार लगाई है। वहीं, Jharkhand State Migrant Control Room ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Chief Minister Hemant Soren) के निर्देश पर Ministry of External Affairs (MEA) से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।
.jpeg)
बारिश के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, राजा कुमार वर्मा पिछले करीब एक साल से वियतनाम में रह रहे थे। पिछले कुछ महीनों से वह दलात में योग शिक्षक के तौर पर काम कर रहे थे। शुक्रवार शाम वह एक निजी घर में योग की क्लास लेने के बाद अपने दोस्त विनय कुमार यादव के साथ स्कूटी से लौट रहे थे। बताया गया कि हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी और सड़क गीली थी। प्रेन्न पास के दतानला वॉटरफॉल के पास घाटी वाले मोड़ पर स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही एक कार से टकरा गई। हादसे में राजा के सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ मौजूद विनय कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हुए। कुछ रिपोर्टों में विनय की भी इलाज के दौरान मौत होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
.jpeg)
रांची के कुम्हार टोली के रहने वाले थे राजा
राजा कुमार वर्मा रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली, चूना भट्ठा स्थित नारायण प्रजापति पथ के रहने वाले थे। विदेश जाने के बाद उन्होंने वियतनाम में योग शिक्षक के रूप में काम शुरू किया था। परिवार को हादसे की जानकारी मिलने के बाद से घर में मातम का माहौल है।
शव भारत लाने के लिए सरकार से मदद की अपील
परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद राजा का शव वियतनाम में है और उसे भारत लाने की प्रक्रिया में देरी हो रही है। परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप कर शव को जल्द भारत लाने की अपील की है। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी मदद की अपील की जा रही है। परिवार की प्राथमिकता अब जल्द से जल्द शव को रांची लाना है, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।
झारखंड माइग्रेंट कंट्रोल रूम ने विदेश मंत्रालय से मांगी मदद
मामले में झारखंड सरकार के स्टेट माइग्रेंट कंट्रोल रूम ने भी पहल की है। कंट्रोल रूम की ओर से बताया गया है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर विदेश मंत्रालय को ई-मेल के जरिए पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। माइग्रेंट कंट्रोल रूम मामले में संबंधित पक्षों के साथ समन्वय कर रहा है। सरकार की ओर से प्रयास किया जा रहा है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर राजा कुमार वर्मा के शव को जल्द से जल्द भारत लाया जा सके। विदेशी धरती पर एक भारतीय नागरिक की मौत और शव को स्वदेश लाने से जुड़ा यह मामला अब सरकारी स्तर पर भी पहुंच गया है। परिवार को उम्मीद है कि संबंधित एजेंसियों के समन्वय से जल्द प्रक्रिया पूरी होगी और राजा का शव रांची लाया जा सकेगा।