logo

‘मुरासु’ का असर : झारखंड के 20 जिलों में आज बारिश के आसार, 5 नवंबर से साफ होगा आसमान

झारखंड के 20 जिलों में आज बारिश के आसार, 5 नवंबर से साफ होगा आसमान

झारखंड/ वेदर: 
Jharkhand Weather Update:
झारखंड में मौसम को लेकर नया अपडेट सामने आया है। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मुरासु का प्रभाव राज्य के मौसम पर भी देखने को मिलेगा। अगले तीन दिनों तक झारखंड के 20 जिलों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर अन्य जिलों में हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। कोल्हान और संताल के सभी जिलों के अलावा रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़ और कोडरमा समेत अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। आइए जानते हैं राज्य में अगले कुछ दिनों के मौसम का हाल।

झारखंड तक पहुंचेगा मुरासु के बादलों का असर
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अभिषेक आनंद के अनुसार, चक्रवातीय तूफान मुरासु फिलहाल बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से से मध्य भाग होते हुए आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। इसके मध्य रात्रि के बाद तट पार करने की संभावना है। तूफान के बाहरी आवरण से निकलने वाले बादलों का प्रभाव झारखंड में भी देखने को मिल रहा है। इसके कारण राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

तीन और चार नवंबर को इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तीन नवंबर को कोल्हान और संताल के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग और रामगढ़ में भी हल्की बारिश हो सकती है। चार नवंबर को कोल्हान के सभी जिलों के साथ रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पांच नवंबर के बाद चक्रवात का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा। इसके साथ ही बारिश की गतिविधियों में भी कमी आएगी और बारिश थमने की संभावना है।

आज आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है मुरासु
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान मुरासु सोमवार रात 11:30 बजे से मंगलवार सुबह चार बजे के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। तूफान को देखते हुए आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसके प्रभाव को देखते हुए चेन्नई और तिरुवल्लूर में सोमवार को स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए थे।

Tags - Jharkhand WeatherMurasu CycloneRanchi ForecastRain AlertIMD Warning