जमशेदपुर:
Jamsedpur News: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद क्वार्टर में चोरी की बड़ी वारदात (Incident) को अंजाम दिया। चोरों ने टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारी शमशेर खान के घर से करीब 20 लाख रुपये के गहने और 15 हजार रुपये नकद चुरा लिए। घटना रोड नंबर-1 स्थित क्वार्टर नंबर के-2/6 की है। चोरी का पता चलने के बाद परिवार के लोग सकते में हैं, वहीं इलाके में सुरक्षा व्यवस्था (Security System) को लेकर चिंता बढ़ गई है।
शमशेर खान अपनी पत्नी, बेटी और नतनी के साथ इस क्वार्टर में रहते हैं। उनकी बेटी गुलमोहर स्कूल में शिक्षिका हैं। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को शमशेर खान का बेटा हैदराबाद से घर पहुंचा था। क्वार्टर में पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण परिवार के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर मानगो स्थित अपने श्रीनाथ होम फ्लैट में रहने चले गए थे। रविवार रात जब परिवार के लोग वापस क्वार्टर पहुंचे, तो शमशेर खान ने मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया। घर के कमरों में सामान बिखरा हुआ था। दूसरे कमरे में रखी अलमारी खुली मिली। उसमें रखा गहनों का बैग गायब था। परिवार ने जब सामान की जांच की, तो करीब 20 लाख रुपये के गहने और 15 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी मिली।

पीछे की दीवार फांदकर घर में घुसे चोर
शमशेर खान के अनुसार, चोर क्वार्टर के पीछे की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी में रखे गहनों के बैग और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वे पीछे के रास्ते से ही फरार हो गए। घटनास्थल पर दीवार पर हाथ और पैर के निशान मिलने की बात भी सामने आई है। इन निशानों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि चोर दीवार फांदकर क्वार्टर के अंदर पहुंचे थे। परिवार के सदस्य शनिवार को घर बंद करके गए थे। इसी दौरान चोरी की घटना हुई। हालांकि, वारदात को किस समय अंजाम दिया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
चोरी की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्वार्टर का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी जानकारी जुटाई है। मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी में कितने लोग शामिल थे और वे किस रास्ते से आए तथा फरार हुए। घटनास्थल पर मिले निशानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल चोरी गए गहनों की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। चोर 15 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गए हैं। बंद क्वार्टर में हुई इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में दहशत है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।