जमशेदपुर:
Jamshedpur News: चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनने की राह में आगे बढ़ रहे जमशेदपुर के विद्यार्थियों ने सीए इंटरमीडिएट सितंबर 2026 की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के घोषित परिणाम में आदित्यपुर निवासी हर्षित केडिया ने 600 में से 387 अंक हासिल कर शहर में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, बिष्टुपुर की विशाखा मिश्रा 383 अंकों के साथ दूसरे और पंजाबी रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी रितिका सचदेव 365 अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहीं। शहर के इन मेधावी विद्यार्थियों की सफलता से उनके परिवारों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।

हर्षित केडिया ने 387 अंकों के साथ किया टॉप
डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल के पूर्व छात्र हर्षित केडिया ने दोनों ग्रुप की परीक्षा एक साथ उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी उपलब्धि इसलिए भी खास है कि छह विषयों में से पांच में उन्हें एग्जेम्प्शन मिला है। हर्षित व्यवसायी मनोज केडिया और रंजना केडिया के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन और शिक्षकों के सहयोग को दिया। उनका लक्ष्य चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर वित्तीय क्षेत्र में करियर बनाना है।
.jpeg)
विशाखा मिश्रा 383 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर
बिष्टुपुर के क्यू रोड निवासी विशाखा मिश्रा ने 383 अंकों के साथ शहर में दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा जुस्को स्कूल साउथ पार्क से पूरी की और जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज से वाणिज्य में स्नातक की पढ़ाई की। उनके पिता बीएन मिश्रा चक्रधरपुर रेल मंडल में सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) के पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। विशाखा ने अपनी सफलता में माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को अहम बताया। वह भी सीए बनकर वित्तीय क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं।
.jpeg)
रितिका सचदेव ने हासिल किया तीसरा स्थान
पंजाबी रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी रितिका सचदेव ने 365 अंक प्राप्त कर शहर में तीसरा स्थान हासिल किया। काशीडीह हाई स्कूल की पूर्व छात्रा रितिका व्यवसायी अनिल कुमार और सोनिया सचदेव की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन और शिक्षकों के सहयोग को दिया। रितिका का लक्ष्य चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर वित्तीय क्षेत्र में करियर बनाना है। उनकी उपलब्धि से परिवार और परिचितों में उत्साह है।
.jpeg)
आयुष डे चौथे और इशरत नाज पांचवें स्थान पर
शहर के अन्य विद्यार्थियों ने भी परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया। आयुष डे ने 347 अंक प्राप्त कर चौथा और इशरत नाज ने 333 अंक हासिल कर पांचवां स्थान प्राप्त किया। इस तरह जमशेदपुर के शीर्ष पांच अभ्यर्थियों ने अपनी मेहनत और तैयारी के दम पर उल्लेखनीय परिणाम हासिल किए हैं।

दोनों ग्रुप की परीक्षा में शामिल हुए 98 अभ्यर्थी
उपलब्ध परीक्षा आंकड़ों के अनुसार, जमशेदपुर केंद्र से दोनों ग्रुप की परीक्षा में 98 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 11 ने दोनों ग्रुप एक साथ उत्तीर्ण किये। वहीं, ग्रुप-1 की परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों में 16 और ग्रुप-2 की परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों में 21 ने सफलता हासिल की। सफल विद्यार्थियों के लिए यह उपलब्धि सीए बनने की दिशा में अगला कदम है। परिणाम ने जमशेदपुर के विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा को एक बार फिर सामने रखा है।