logo

‘मैं वापस आऊंगा’ फिल्म की समीक्षा पर CUJ के डॉ. सुदर्शन यादव को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

‘मैं वापस आऊंगा’ फिल्म की समीक्षा पर CUJ के डॉ. सुदर्शन यादव को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

रांची: 
Ranchi News:
झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के जनसंचार विभाग के डॉ. सुदर्शन यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और झारखंड का नाम रोशन किया है। उन्हें FIPRESCI-India की राष्ट्रीय सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षा प्रतियोगिता 2026 में सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। खास बात यह है कि डॉ. यादव को लगातार दूसरे वर्ष इस प्रतियोगिता में सम्मान मिला है। डॉ. सुदर्शन यादव को यह पुरस्कार हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की समीक्षा लिखने के लिए प्रदान किया गया है। यह प्रतियोगिता प्रतिवर्ष FIPRESCI-India की ओर से आयोजित की जाती है, जो जर्मनी के म्यूनिख स्थित इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ फिल्म क्रिटिक्स की भारतीय इकाई है।

सातवें संस्करण में मिला सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट अवॉर्ड
राष्ट्रीय सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षा प्रतियोगिता का आयोजन प्रख्यात फिल्म निर्देशक, समीक्षक और इतिहासकार चिदानंद दासगुप्ता की स्मृति में किया जाता है। वर्ष 2026 में प्रतियोगिता का सातवां संस्करण आयोजित हुआ। इसमें देशभर के प्रतिभागियों से फिल्म समीक्षाएं आमंत्रित की गई थीं। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट पुरस्कार दिए जाते हैं। उत्कृष्ट स्तर की समीक्षा लिखने वाले प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट से सम्मानित किया जाता है। प्रतियोगिता में पुरस्कृत सभी फिल्म समीक्षाएं FIPRESCI-India और फेडरेशन ऑफ फिल्म सोसायटीज ऑफ इंडिया की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘ई-सिने इंडिया’ (e-Cine India) में प्रकाशित की जाएंगी।

14 वर्षों से सीयूजे में फिल्म स्टडीज का अध्यापन कर रहे हैं डॉ. यादव
डॉ. सुदर्शन यादव पिछले 14 वर्षों से झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय में फिल्म स्टडीज पढ़ा रहे हैं। उन्होंने झारखंड के प्रख्यात फिल्मकार मेघनाथ, बीजू टोप्पो और श्रीप्रकाश पर नेशनल फिल्म आर्काइव ऑफ इंडिया (NFAI), पुणे के लिए मोनोग्राफ लिखा है। इसे राज्य के किसी फिल्मकार पर लिखी गई पहली विस्तृत पुस्तक बताया जाता है। डॉ. यादव ने वर्ष 2018 में झारखंड का पहला बाल फिल्म महोत्सव आयोजित किया था। इसके अलावा वर्ष 2025 में झारखंड सरकार के डायरेक्टरेट ऑफ टूरिज्म के लिए राज्य की संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 दिवसीय कंटेंट क्रिएशन कार्यशाला का आयोजन भी कराया था।

बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर फिल्म फेस्टिवल का किया संयोजन
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर डॉ. यादव ने सीयूजे में ‘स्वाभिमानी बिरसा ट्राइबल फिल्म फेस्टिवल’ और फोटोग्राफी प्रदर्शनी का संयोजन किया था। उन्होंने फिल्म की विभिन्न विधाओं में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे, जादवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता और व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल, मुंबई से शिक्षा प्राप्त की है। डॉ. सुदर्शन यादव की इस उपलब्धि पर झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति और शिक्षक समुदाय ने खुशी जाहिर की है। लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Tags - Film CriticismFIPRESCI IndiaSudarshan YadavCentral University of JharkhandFilm Review Award