झारखंड/वेदर:
Jharkhand Weathe Update: झारखंड में तूफान ‘अर्नब’ का असर गुरुवार को कई जिलों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। राजधानी रांची में देर रात से तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रांची, खूंटी, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम में यलो अलर्ट है। खराब मौसम के कारण रांची और जमशेदपुर समेत कई जिलों में स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है।

कई जिलों में बारिश, आसमान में छाए काले बादल
झारखंड के कई जिलों में बुधवार से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रांची, जमशेदपुर, चाईबासा, खूंटी, गुमला और लोहरदगा समेत कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही। कई जिलों में आसमान में काले बादल छाए रहे। रांची में बारिश और बादलों के कारण शाम करीब पांच बजे ही अंधेरा छा गया। धुंध के कारण दृश्यता भी प्रभावित हुई। खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। रांची आने वाली छह उड़ानें देरी से पहुंचीं। मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु से आने वाली तीन उड़ानों में करीब डेढ़-डेढ़ घंटे की देरी हुई।
इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश को लेकर अलग-अलग चेतावनी जारी की है। गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रांची, खूंटी, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम तथा पश्चिमी सिंहभूम में बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
सरायकेला के नीमडीह में सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह में सबसे अधिक 49.82 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। चांडिल में 45.43 मिमी, घाटशिला में 35.64 मिमी, धालभूमगढ़ में 28.45 मिमी और नामकुम में 19.86 मिमी बारिश हुई। इस दौरान जमशेदपुर के शहरी क्षेत्र में 10.29 मिमी और रांची के शहरी क्षेत्र में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में दिन के तापमान में भी गिरावट आई है।
रांची का अधिकतम तापमान 5.8 डिग्री गिरा
बारिश के कारण राजधानी रांची के अधिकतम तापमान में 5.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है। लातेहार में अधिकतम तापमान गिरकर 21.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यहां तापमान में 8.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, दुमका में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा। लातेहार में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
30 अक्टूबर को भी बारिश और वज्रपात की आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अक्टूबर को झारखंड के आसमान में बादल छाए रहेंगे। राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर वज्रपात भी हो सकता है। 31 अक्टूबर को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में नया लो प्रेशर, 2 नवंबर तक असर संभव
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक और लो प्रेशर एरिया विकसित हो रहा है। इसका असर 30 अक्टूबर के बाद झारखंड में दिखाई दे सकता है। इसके कारण 2 नवंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक झारखंड में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को तेज हवाओं, भारी बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।