logo

JAC ने मैट्रिक और इंटर का शेड्यूल किया जारी, 3 फरवरी से आयोजित होंगी परीक्षाएं

JAC_OFFICE1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटर बोर्ड परीक्षाओं का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। परिषद की ओर से बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, दोनों मुख्य परीक्षाएं 3 फरवरी 2026 से एक साथ शुरू की जाएगी। मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी, जबकि इंटर की परीक्षा 23 फरवरी को समाप्त होगी। 
परीक्षाओं का आयोजन अलग-अलग पालियों में किया जाएगा ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से बना रहे। मैट्रिक की परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी, वहीं इंटर की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक ली जाएगी। JAC अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने स्पष्ट कर दिया है कि कार्यक्रम को इस तरह से तैयार किया गया है कि सभी विद्यार्थियों को पर्याप्त समय और बेहतर माहौल मिल सके। सभी परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
जैक ने परीक्षा फॉर्म भरने और प्रवेश पत्र जारी करने की तिथियाँ भी तय कर दी हैं। परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 12 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके अलावा, मैट्रिक के छात्रों के प्रवेश पत्र 16 जनवरी से और इंटर छात्रों के प्रवेश पत्र 17 जनवरी से जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। स्कूल और कॉलेज इन प्रवेश पत्रों को डाउनलोड कर विद्यार्थियों को वितरित करेंगे।
परीक्षाओं के बाद प्रायोगिक मूल्यांकन का चरण शुरू होगा। मैट्रिक और इंटर दोनों स्तरों पर प्रायोगिक परीक्षाएं 24 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी। प्रायोगिक सामग्री डीईओ कार्यालयों द्वारा सभी संस्थानों को उपलब्ध कराई जाएगी। प्रायोगिक व आंतरिक मूल्यांकन के अंक 25 फरवरी से 9 मार्च 2026 के बीच ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे, जिसके बाद अंकसूची की एक प्रति डीईओ कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।
JAC के अधिकारियों के अनुसार, यदि उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन की प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी हुई, तो मैट्रिक और इंटर, दोनों के परिणाम अप्रैल के अंतिम सप्ताह में जारी कर दिए जायेंगे। 
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update JAC news jharkhand academic council matric-inter exam exam schedule ranchi news ranchi khabar