logo

झारखंड विधानसभा ने पूरे किए 25 साल, रजत जयंती समारोह में राज सिन्हा को मिला 'उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार'

राज1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा आज अपनी स्थापना का रजत जयंती समारोह मना रही है। इस विशेष अवसर पर रांची स्थित विधानसभा परिसर में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में सीमा और नक्सल अभियान में शहीद हुए जवानों, राज्य के पदक विजेताओं और विधानसभा के 6 कर्मियों के साथ-साथ उत्कृष्ट विधायक को भी विशेष सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
इस वर्ष के प्रतिष्ठित उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार के लिए भाजपा के विधायक राज सिन्हा को चुना गया है। राज सिन्हा धनबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और वह लगातार तीसरी बार धनबाद से विधायक निर्वाचित हुए हैं। उन्हें यह सम्मान उनके बेहतर विधायी कार्यों और विधानसभा में सक्रिय व प्रभावी भागीदारी के लिए प्रदान किया गया है।
इस उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार की परंपरा साल 2001 में शुरू की गई थी। जिसमें सबसे पहला 'उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार' जीतने वाले सदस्य विश्वेश्वर खाँ थे। विश्वेश्वर खाँ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से नाला विधानसभा के विधायक थे। राज सिन्हा से ठीक पहले वर्ष 2024 के लिए यह सम्मान रामचंद्र सिंह को दिया गया था। 
इस पुरस्कार का देने का मुख्य उद्देश्य भारतीय आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति को बेहतर बनाना है। इसके अलावा, इसका उद्देश्य विधायकों को उनके कार्य के प्रति प्रेरित करना है। यह सम्मान उन विधायकों को दिया जाता है जो सदन की कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते हैं।
रजत जयंती के इस समारोह में पहले सत्र में सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा। वहीं दूसरे सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा, जिसमें हास्य कवि दिनेश बांवरा, गायक कुमार राठौर के अलावा कई बड़े कलाकार शामिल रहेंगे।
 

Tags - jharkhand news jharkhand kahbar jharkhand update jharkhand Legislative assembly jharkhand vidhansabha silver jubilee