रांची:
Ranchi News: रांची शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप मांस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम कांके स्थित अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस को पुनः संचालित करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए परिसर में साफ-सफाई, मशीनों की मरम्मत और आधारभूत संरचना को दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार आगामी 5 दिसंबर से स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
ट्रायल रन से पहले परिसर की सफाई तेज
स्लॉटर हाउस परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर घास एवं झाड़ियों की कटाई कराई जा रही है। इसके अलावा परिसर में स्थित पेड़ों की आवश्यकतानुसार छंटाई की जा रही है, ताकि परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सके। विशेष सफाई अभियान के तहत परिसर में झाड़ू लगाने, हाई प्रेशर वाटर गन से फर्श एवं अन्य हिस्सों की सफाई और कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित किया जा रहा है। यह पूरा कार्य सफाई सुपरवाइजर की निगरानी में कराया जा रहा है।
विद्युत व्यवस्था और मशीनों की मरम्मत का काम जारी
स्लॉटर हाउस के सुचारु संचालन के लिए विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी द्वारा विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया गया है, ताकि मशीनों एवं अन्य उपकरणों का संचालन सुचारु रूप से हो सके। वहीं, स्लॉटर हाउस में स्थापित अत्याधुनिक मशीनों एवं उपकरणों को पुनः क्रियाशील बनाने के लिए इंजीनियरिंग टीम आवश्यक मैकेनिकल कार्य कर रही है। सभी उपकरणों की कार्यक्षमता दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही मुख्य भवन की पेंटिंग सहित अन्य आवश्यक सिविल कार्य भी कराए जा रहे हैं, ताकि भवन और परिसर को संचालन के अनुकूल बनाया जा सके।
5 दिसंबर से ट्रायल रन शुरू करने का लक्ष्य
इस संबंध में सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. आनंद शेखर झा ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार आगामी 5 दिसंबर से स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन शुरू करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। परिसर की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, मशीनों की मरम्मत और सिविल कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्लॉटर हाउस के पुनः संचालन के बाद शहर के सभी मांस दुकानदारों को निर्धारित व्यवस्था के तहत यहीं मांस की कटाई कराने का निर्देश दिया जाएगा। इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। दुकानदार यहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत मांस की कटाई करवाकर आवश्यक स्वच्छता एवं स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए मांस की बिक्री कर सकेंगे।
स्लॉटर हाउस चालू होने से स्वच्छ मांस उपलब्ध कराने में मिलेगी मदद
स्लॉटर हाउस के पुनः संचालन से शहरवासियों को स्वच्छ एवं हाइजीनिक मांस उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही मांस की आपूर्ति की प्रक्रिया व्यवस्थित और नियंत्रित होगी। इससे अवैध एवं अस्वच्छ तरीके से संचालित मांस दुकानों पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। रांची नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों के स्वास्थ्य एवं सार्वजनिक स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए शहर में मांस की बिक्री और आपूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित एवं नियमसम्मत बनाना है।