logo

मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश भाजपा का व्यापक कार्यक्रम, कहा राज्य सरकार की विफलताओं को लेकर करेगी प्रदर्शन,जानिये पूरी खबर

WhatsApp_Image_2025-06-03_at_4_53_53_PM.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 

नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए प्रदेश भाजपा ने जून माह में राज्यव्यापी कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाने की घोषणा की है। इस दौरान केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी, वहीं झारखंड सरकार की विफलताओं को उजागर करते हुए भाजपा राज्यभर में विरोध-प्रदर्शन भी करेगी।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित "विकसित भारत का अमृतकाल: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल" विषयक एक दिवसीय कार्यशाला में इन कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मोर्चा प्रमुख, सोशल मीडिया प्रतिनिधि और विभिन्न आयोजन समितियों के सदस्य शामिल हुए। कार्यशाला का संचालन प्रदेश मंत्री सरोज सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश की जनता ने तीसरी बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित, आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी भारत के निर्माण का संकल्प पूरा किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है।

मरांडी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और लूट की प्रतीक बन गई है। भाजपा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएगी और हेमंत सरकार की विफलताओं को भी उजागर करेगी।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं से सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता और कार्यक्रम एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने जून माह में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी:

 

5 जून: विश्व पर्यावरण दिवस पर "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान की शुरुआत।

10-11 जून: जिला केंद्रों पर प्रेस वार्ता और प्रोफेशनल मीट।

12-14 जून: मंडल स्तर पर संकल्प सभा।

15-17 जून: पंचायत स्तर पर चौपाल और आयुष्मान भारत योजना का पंजीकरण।

17-20 जून: योग प्रशिक्षण शिविर,

21 जून: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मंडल स्तरीय कार्यक्रम।

23 जून: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम।

24 जून: राज्य सरकार के खिलाफ *सभी 264 प्रखंडों में प्रदर्शन।

25 जून: लोकतंत्र हत्या दिवस,

29 जून: मन की बात कार्यक्रम,

30 जून: हूल दिवस कार्यक्रम।

कार्यक्रम संयोजक, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू ने कहा कि मोदी सरकार हर वर्ष जनता के समक्ष अपने कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करती है। 5 से 30 जून के बीच आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से यह परंपरा आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को आंकड़ों सहित जनता तक पहुँचाना है।

इस अवसर पर सांसद *डॉ. प्रदीप वर्मा, उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आरती कुजूर, मंत्री गणेश मिश्र, दुर्गा मरांडी, सीमा पासवान, सुनीता सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, अशोक बड़ाइक, अजय साह, विजय चौरसिया, राफिया नाज, अविनेश सिंह, राहुल अवस्थी, समेत विभिन्न मोर्चा अध्यक्ष, आयोजन समिति सदस्य एवं जिलों के संयोजक उपस्थित रहे।

Tags - jharkhand newsjharkhand political newsbabulal marandijharkhand bjp newsaditya sahu newsझारखंड न्यूज बाबूलाल मारांडी न्यूजबीजेपी न्यूज