logo

बिजाना की स्वर्ण जयंती में पहुंचे सुदेश महतो, कहा– प्रवासी झारखंडियों ने अमेरिका में बनाई विशिष्ट पहचान

sudesh_mahto15.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

अमेरिका के न्यू जर्सी में आयोजित बिहार-झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (बिजाना) के स्वर्ण जयंती समारोह एवं ग्लोबल कॉनक्लेव 2025 में झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि अमेरिका में भारतीय संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने में प्रवासी बिहारी–झारखंडी समुदाय की भूमिका अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा, "यह देखकर गर्व होता है कि झारखंड के लोगों ने अमेरिका में भी अपनी विशेष पहचान स्थापित की है।"

सुदेश महतो ने कहा कि भारत–अमेरिका संबंधों को मजबूत बनाने में प्रवासी भारतीयों की बड़ी भूमिका है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध 191 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुके हैं और अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बन गया है। वहीं अमेरिकी कंपनियों ने अब तक भारत में 54 बिलियन डॉलर से अधिक का निवेश किया है।

भारत की वैश्विक स्थिति पर बात करते हुए श्री महतो ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि इससे भारत की राजनीतिक और सैन्य प्रतिष्ठा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिली है।

बिजाना के दो दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह में भारत और दुनियाभर से कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया। इनमें पद्मश्री गायक कैलाश खेर, सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार, विश्व बैंक के ग्लोबल डायरेक्टर सरोज झा, आज तक की वरिष्ठ पत्रकार श्वेता सिंह, भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह, संगीत निर्देशक विशाख ज्योति और प्रिंसटन विश्वविद्यालय के प्रोफेसर नीरज झा जैसे नाम शामिल रहे।

कार्यक्रम में यूरोप और अमेरिका से बड़ी संख्या में प्रवासी बिहारी और झारखंडी समुदाय के लोग शामिल हुए।

बिजाना के अध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि संस्था की स्थापना 1975 में की गई थी, जिसका उद्देश्य बिहार और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करना, युवा नेतृत्व को बढ़ावा देना और शिक्षा को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी ऊर्जा से काम करने का संकल्प दोहराया।

Tags - sudesh mahtojharkhand political newssudesh mahto in americajharkhand news