द फॉलोअप डेस्क
बिहार का राजगीर एक और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। यहां एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता 2025 का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर तक किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर सोमवार को हॉकी इंडिया और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के बीच करार हुआ है। इस प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, जापान, कोरिया, चीन और मलेशिया की टीमें शामिल होंगी, जबकि दो टीमों का चयन एएचएफ कप क्वालिफाइंग टूर्नामेंट के माध्यम से किया जाएगा।
पिछले सफल आयोजन की कड़ी में नया कदम
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रन शंकरण ने कहा कि बिहार में लगातार अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हो रहा है और एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता भी इस कड़ी में शामिल होगी। उन्होंने बताया कि पिछली बार हुए हॉकी प्रतियोगिता में भारी भीड़ उमड़ी थी, जिसे देखते हुए इस बार हॉकी स्टेडियम में अस्थायी गैलरी बनाई जाएगी, जिसमें 20 हजार लोग एक साथ मैच का आनंद ले सकेंगे।
निःशुल्क टिकट के लिए ऑनलाइन निबंधन
इस बार प्रतियोगिता के लिए निःशुल्क टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे, लेकिन इसके लिए ऑनलाइन निबंधन कराना होगा। यह निर्णय पिछले आयोजन में उमड़ी भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि टिकट प्राप्त करने के लिए सभी को सुविधाएं मिल सकें।
विश्व कप के लिए क्वालिफाइंग इवेंट
इस प्रतियोगिता का महत्व इसलिए और भी बढ़ जाता है क्योंकि यह 2026 एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए एक क्वालिफाइंग इवेंट होगा, जो बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित किया जाएगा। इस टूर्नामेंट का विजेता विश्व कप में सीधे स्थान प्राप्त करेगा, जिससे इस प्रतियोगिता की प्रतिस्पर्धा और भी बढ़ जाएगी।
बिहार से निकलेंगे अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ ने कहा कि बिहार में खेलों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयास अब रंग लाने लगे हैं। उन्होंने कहा, "मेरी कोशिश है कि बिहार के हॉकी खिलाड़ियों को भारतीय टीम में जगह दिला सकूं। यहां के खिलाड़ियों में काफी काबिलियत है। हॉकी इंडिया बिहार को विश्वस्तरीय कोच भी उपलब्ध कराएगा।" इस आयोजन से न केवल बिहार में खेलों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक शानदार अवसर भी प्रदान करेगा।