रांची:
India vs West Indies T20: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गयी हैं। मैच से पहले स्टेडियम को सजाने-संवारने से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मैदान में घास की कटिंग का काम जारी है, जबकि दर्शकों के लिए टिकट काउंटर भी तैयार कर लिये गये हैं। शनिवार को आयोजन समिति की बैठक में मैच से जुड़ी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गयी। जेएससीए उपाध्यक्ष संजय पांडे ने बताया कि मैच के दिन दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किये जा रहे हैं।

मैदान को दिया जा रहा अंतिम रूप
जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के मैदान को मैच के लिए अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है। मैदान में घास की कटिंग सहित अन्य तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इसके साथ ही स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। मैच के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जायेगी। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को लखनऊ में खेला जायेगा। इसके बाद दोनों टीमें 7 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगी। रांची में 9 अक्टूबर को सीरीज का मुकाबला खेला जाना है।
.jpeg)
सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मिलेंगे टिकट
जेएससीए प्रबंधन के अनुसार, टिकट काउंटर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे। इसके लिए स्टेडियम के पश्चिमी गेट के पास कुल छह काउंटर बनाये गये हैं। इनमें चार काउंटर आम दर्शकों के लिए होंगे, जबकि दो काउंटर महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित किये गये हैं। एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट ही दिये जायेंगे। दर्शकों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए टिकट काउंटर के आसपास लोहे और बांस की बैरिकेडिंग की गयी है। इस बार सबसे सस्ता टिकट हिल एरिया का है, जिसकी कीमत 1,600 रुपये रखी गयी है। वहीं, सबसे महंगा टिकट प्रेसिडेंट्स एनक्लोजर का है, जिसकी कीमत 18,000 रुपये है।
.jpeg)
रांची टी-20 के नाम पर फेक टिकट वायरल
भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के नाम पर सोशल मीडिया पर फेक टिकट भी वायरल हो रहा है। यह टिकट देखने में वास्तविक जैसा है और उस पर टिकट की कीमत भी अंकित है। जेएससीए उपाध्यक्ष संजय पांडे ने बताया कि वायरल टिकट जेएससीए के संज्ञान में आया है, लेकिन उसका मूल टिकट अभी जेएससीए को उपलब्ध नहीं हुआ है। उन्होंने ऑनलाइन टिकट खरीदने वाले दर्शकों से सावधानी बरतने की अपील की है। फर्जी टिकट के जरिए साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए दर्शकों को केवल अधिकृत माध्यम से ही टिकट खरीदने की सलाह दी गयी है।
टिकट की कीमत कम करने की मांग
इस बीच, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने 9 अक्टूबर को रांची में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के टिकट की कीमतों में वृद्धि पर आपत्ति जतायी है। उन्होंने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) से बढ़ी हुई टिकट दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की है। सांसद ने जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडे, सचिव सौरभ तिवारी और कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष को पत्र लिखकर टिकट की कीमतों में की गयी वृद्धि पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा है कि टिकट की कीमतों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी न्यायसंगत और तर्कसंगत नहीं है। चंद्र प्रकाश चौधरी ने आरोप लगाया है कि टिकट मूल्य निर्धारण में बीसीसीआई के नियमों की अनदेखी हुई है। साथ ही उन्होंने अन्य राज्यों के क्रिकेट संघों की तुलना में टिकट की अधिक कीमत को जनहित के विरुद्ध बताते हुए जेएससीए से टिकट दर कम करने की मांग की है।