logo

कामयाबी से एक कदम आगे : चंद्रयान-3 ने सॉफ्ट लैंडिंग के बाद भेजा चांद का पहला वीडियो

moon.jpeg

 द फॉलोअप डेस्क 
चांद पर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट और सफल लैंडिंग कराकर इसरो ने साबित कर दिया है कि भारत के वैज्ञानिक किसी भी देश से पीछे नहीं हैं। दुनियाभर में इस तरह का इतिहास रचने वाला भारत पहला देश बन गया है। इस कामयाबी में अब एक और उपलब्धि जुड़ गयी है। बता दें कि चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम के चांद पर पहुंचने के बाद इसका रोवर प्रज्ञान भी बाहर आ गया है। और प्रज्ञान ने वैज्ञानिकों के निदेशानुसार काम भी करना आरंभ कर दिया है। इस कड़ी में चांद का पहला वीडियो दुनिया के सामने आ चुका है। जिसे चंद्रयान-3 के रोवर प्रज्ञान ने भेजा है। गैरतलब है कि यह वीडियो उस यादगार क्षण का है, जब चंद्रयान-3 चांद पर उतर ही रहा था। इस वीडियो को इसरो की ओर से जारी किया गया है। वीडियो देखकर पता चलता है कि उतरते समय चांद किस तरह के रंग और आकार का दिखाई दे रहा था। इसरो की ओर से जारी इस वीडियो की लंबाई दो मिनट से अधिक है। इससे वैज्ञानिकों को चांद पर उतरने से पहले वहां की प्रकृति और वातावरण को समझने में मदद मिली। 
 

दुनियाभर की मीडिया में हो रही है भारत की चर्चा 
दुनियाभर के प्रमुख और प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों ने भारत की इस उपलब्धि को अद्भुत और यादगार बताया है। इस कदम को भारतीय अंतरिक्ष अन्वेषण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया गया है। बीबीसी और द गार्डियन से लेकर वाशिंगटन पोस्ट और न्यूयार्क टाइम्स तक ने इस सॉफ्ट लैंडिंग की आकर्षक कवरेज की है। भारत के इस अंतरिक्ष कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया है। कुल मिलाकर भारत और इसरो के वैज्ञानिकों ने दुनियाभर से सुर्खियां बटोरी हैं। मेन स्ट्रीम के अमेरिकी अखबारों ने चांद पर ऐतिहासिक सॉफ्ट लैंडिंग को पहले पेज पर स्थान दिया है। दूसरी ओर पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद चौधरी ने इसे इसरो के लिए एक अहम कदम बताया है। वहीं जापानी डेली ‘निकेई’ ने सॉफ्ट लैंडिंग को ऐतिहासिक छलांग बताकर इसकी सराहना की है। आस्ट्रेलियन ब्रास्डकास्टिंग ने कहा है कि यह कामयाबी प्रधानमंत्री मोदी के लिए एक विजय की तरह है। यह कदम भारत को प्रौद्योगिकी के नजरिये से महाशक्ति के रूप में स्थापित करने वाला है। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N