logo

पाकिस्तान में बाढ़ का कहर : एक ही परिवार के 18 लोग बहे, 4 के शव मिले; बारिश ने ली 7 जानें

PAK95214.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में स्थित स्वात नदी में शुक्रवार को अचानक आई बाढ़ ने एक ही परिवार को तबाह कर दिया। नदी में डूबने से परिवार के 18 सदस्य लापता हो गए, जिनमें से अब तक 4 के शव बरामद किए जा चुके हैं। बाकी लोगों की तलाश जारी है। बचाव कार्य में जुटे अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
रेस्क्यू-1122 के महानिदेशक शाह फहाद ने प्रेस बयान में बताया कि नदी के किनारे पांच अलग-अलग स्थानों पर खोज अभियान चलाया जा रहा है। 80 से अधिक बचावकर्मी इस अभियान में तैनात हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह परिवार पर्यटकों के एक समूह के साथ इस इलाके में आया था और अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ में फंस गया।
स्वात नदी, जो इस प्रांत के उत्तरी इलाके से होकर गुजरती है, बारिश के चलते उफान पर है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, लापता लोगों की तलाश में अभियान रातभर जारी रहेगा।


पंजाब में बारिश से जनहानि, दीवारें-छतें गिरीं, बिजली गिरी
पाकिस्तान के पूर्वी पंजाब प्रांत में पिछले 24 घंटों के भीतर मूसलधार बारिश के कारण सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि 27 अन्य घायल हुए हैं। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने देर रात जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक, झेलम नदी में डूबने से दो लोगों की जान गई। बहावलनगर और ओकारा में बारिश संबंधी हादसों में एक-एक बच्चे की मौत हुई। वहीं, मुजफ्फरगढ़ में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि खानेवाल में आसमानी बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मृत्यु हुई।
मुल्तान, साहीवाल, फैसलाबाद, शोरकोट और मंडी बहाउद्दीन जिलों से भी भारी बारिश से जुड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें दीवारें और छतें गिरने से लोग घायल हुए। प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने और ज़रूरी एहतियात अपनाने की अपील की है। सरकार ने पीड़ितों के परिजनों को मुआवज़ा देने की घोषणा भी की है।

Tags - Internationa। Internationa। News Big Internationa। News Breaking Internationa। News Country