logo

हमास ने छोड़े 20 बंधक, ट्रंप बोले– गाज़ा में अब युद्ध खत्म

TRUMP6.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

इज़रायली सेना ने सोमवार को पुष्टि की कि हमास द्वारा छोड़े गए सभी 20 जीवित बंधकों को सुरक्षित रूप से प्राप्त कर लिया गया है। यह रिहाई इज़रायल-हमास युद्धविराम समझौते के पहले चरण का हिस्सा है, जिसके तहत इज़रायल सैकड़ों फ़िलिस्तीनी कैदियों को जेलों से रिहा करेगा।
हमास ने बताया कि कुल 20 जीवित बंधकों को लगभग 1,900 फ़िलिस्तीनी कैदियों के बदले छोड़ा जा रहा है। सोमवार (13 अक्टूबर 2025) को सात बंधकों को सबसे पहले रेड क्रॉस की निगरानी में सौंपा गया। उनकी स्थिति के बारे में तत्काल कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई, लेकिन इज़रायल के टीवी चैनलों ने जैसे ही यह खबर प्रसारित की, परिजनों और दोस्तों में खुशी की लहर दौड़ गई।


इस बीच, इज़रायली अधिकारियों ने बताया कि रिहा किए गए 154 फ़िलिस्तीनी कैदियों को इज़रायल और फ़िलिस्तीनी इलाक़ों से बाहर भेजा जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रविवार (12 अक्टूबर) को अपने “उच्च-स्तरीय शांति मिशन” पर इज़रायल और मिस्र पहुंचे। उन्होंने प्रस्थान से पहले कहा कि “गाज़ा में युद्ध समाप्त हो चुका है”, हालांकि युद्धविराम और बंधक समझौते के बाद की स्थिति को लेकर अभी भी कई अनिश्चितताएं बनी हुई हैं।
गाज़ा संकट पर आज मिस्र की राजधानी काहिरा में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित हो रहा है। इस सम्मेलन की सह-अध्यक्षता अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी करेंगे। इसमें 20 से अधिक देशों के नेता शामिल होंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पुष्टि की कि फ़िलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास भी इस सम्मेलन में भाग लेंगे।


मैक्रों ने कहा, “यह बहुत अच्छा संकेत है... यह मान्यता है कि फ़िलिस्तीनी अथॉरिटी की वैध भूमिका क्या हो सकती है।”
हालांकि, इस शांति सम्मेलन में न तो इज़रायल और न ही हमास का कोई प्रतिनिधि मौजूद रहेगा।
गाज़ा में 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद शुरू हुए संघर्ष ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था। अब यह बंधक रिहाई और युद्धविराम, लंबे समय से जारी हिंसा के बीच उम्मीद की नई किरण मानी जा रही है।

Tags - Internationa। Internationa। News Big Internationa। News Breaking