द फॉलोअप डेस्क
नासा की अंतरिक्ष यात्री और भारतीय मूल की सुनीता विलियम्स जल्द ही पृथ्वी पर लौटने वाली हैं। उनके साथ अंतरिक्ष यात्री विल्मोर बुच भी वापस आएंगे। दोनों करीब नौ महीने से अंतरिक्ष में थे और अब 19 मार्च को नासा उनकी वापसी की योजना बना रहा है। इस मिशन में एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स सहयोग कर रही है, जिसका स्पेसक्राफ्ट दोनों को पृथ्वी पर लाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुनीता विलियम्स ने बताया कि पृथ्वी पर लौटने के बाद वह सबसे ज्यादा किस चीज़ को मिस करेंगी। उन्होंने कहा, "सबकुछ।" यह उनके और बुच के लिए अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) का तीसरा मिशन था। उन्होंने इसे बनाने और विकसित होते देखने का अनुभव साझा करते हुए कहा, "अंतरिक्ष में रहकर हमें एक अनूठा दृष्टिकोण मिलता है, न सिर्फ बाहर देखने से, बल्कि समस्याओं को हल करने के तरीके से भी। मैं वापस जाने के बाद प्रेरणा और इस नज़रिए की चिंगारी को खोना नहीं चाहती, इसलिए इसे बनाए रखना जरूरी होगा।"
'सबसे कठिन थी अनिश्चितता'
'बिजनेस स्टैंडर्ड' के अनुसार, सुनीता विलियम्स ने अपने अंतरिक्ष प्रवास को एक शानदार अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि हर दिन एक मिशन पर ध्यान केंद्रित करना होता था, लेकिन उनके परिवार और समर्थकों के लिए यह समय किसी रोलरकोस्टर से कम नहीं था। सबसे कठिन बात यह थी कि उन्हें यह नहीं पता था कि वे कब वापस लौटेंगे। यही अनिश्चितता सबसे बड़ी चुनौती रही।