रांची
झारखंड की राजनीति में आज एक अहम हलचल देखने को मिली जब आजसू पार्टी के केंद्रीय समिति के सदस्य सह युवा आजसू प्रभारी, गोड्डा जिला डॉ. निर्मल कुमार मंडल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। गोड्डा ज़िले से आने वाले डॉ. मंडल ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को पत्र लिखकर अपने निर्णय की जानकारी दी। पत्र में उन्होंने लिखा है कि वे आजसू पार्टी की राष्ट्रहित वाली कार्यशैली से प्रभावित होकर वर्षों तक सक्रिय रूप से जुड़े रहे। वे निजी कारणों से इस्तीफा दे रहे हैं।
डॉ. मंडल ने पत्र में स्पष्ट किया कि "मेरे लिए गोड्डा कोनई क्षेत्र में कार्यरत आजसू पार्टी के साथ जुड़कर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में योगदान देना गौरव की बात रही। लेकिन अब समय आ गया है कि मैं अपने निर्णय को स्पष्ट रूप से सार्वजनिक करूं।"
वे अपने पत्र में पार्टी की भविष्य की सफलता की कामना करते हुए यह भी लिखते हैं कि "मैं पार्टी की उत्तरोत्तर प्रगति और जनकल्याण नीतियों का सम्मान करता हूं। विश्वास है कि आपका नेतृत्व पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।"
डॉ. निर्मल कुमार मंडल आजसू पार्टी के युवा संगठन से जुड़े एक सक्रिय नेता रहे हैं और गोड्डा ज़िले में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। उनके इस्तीफे को पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।