रांची
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित मिलन समारोह के दौरान चक्रधरपुर के विजय सिंह गगराई ने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह ने किया।
विजय सिंह गगराई के साथ भाजपा की सदस्यता लेने वालों में सुशांत मंडल, हीरालाल खंडाइत, ललित ठाकुर, हारून मेलगांडी, बेसरा पूर्ति, विजय नाग, राजेंद्र मेलगांडी, रामू महतो, मार्कस गगराई, वीरसिंह हांसदा, राकेश जोंकों सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सरकार ने आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर है, आए दिन आदिवासी युवाओं की हत्या, बहन-बेटियों के साथ अत्याचार और अपहरण की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार विकास विरोधी साबित हुई है और पिछले छह वर्षों में राज्य को रसातल में पहुंचा दिया गया है।
.jpeg)
उन्होंने आरोप लगाया कि पेसा कानून के नाम पर भी जनता को ठगा गया है, जिससे जनजातीय समाज का भरोसा सरकार से टूट रहा है। ऐसे में आदिवासी समाज अब भाजपा की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड का गठन भाजपा ने किया है और राज्य का सर्वांगीण विकास भी भाजपा ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि धोखे की सरकार का पाप का घड़ा भर चुका है और जनता सब देख रही है।
वहीं विजय सिंह गगराई ने भाजपा नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे पार्टी के सच्चे सिपाही के रूप में नीतियों और कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने के लिए संकल्पित हैं। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
.jpg)