रांची
झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUJ) के तीसरे दीक्षांत समारोह के अवसर पर 28 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी उपस्थित रहेंगी। CUJ की ओऱ से मिली जानकारी के मुताबिक राष्ट्रपति मुर्मू समारोह के दौरान 3 कुलाधिपति पदक, 64 स्वर्ण पदक और 35 पीएचडी उपाधि छात्रों को देंगी। राष्ट्रपति मुर्मू समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। दीक्षांत समारोह औपचारिक रूप से सभागार में शैक्षणिकशोभा-यात्रा के आगमन के साथ शुरू होगा। इसमें राष्ट्रपति; राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, शिक्षा राज्य मंत्री, भारत सरकार, कुलाधिपति एवं कुलपति, संविधिक अधिकारी, विश्वविद्यालय के कोर्ट, कार्य परिषद और शैक्षणिक परिषद के सदस्य भाग लेंगे।

917 छात्रों ने कराया है रजिस्ट्रेशन
कुलाधिपति की अनुमति से दीक्षांत समारोह के शुरू होने की घोषणा की जाएगी और पदक व डिग्री प्राप्तकर्ताओं को प्रमाण पत्र दिये जायेंगे। अतिथियों के स्वागत की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय के कुलपति निभायेंगे। साथ ही वे विश्वविद्यालय का प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करेंगे। समारोह में राष्ट्रपति छात्रों और दर्शकों को संबोधित भी करेंगी। बता दें कि 1539 उतीर्ण छात्रों में से लगभग 917 ने दीक्षांत समारोह के लिए पंजीकरण कराया है। इन्हें दीक्षांत समारोह के दौरान डिग्री प्रदान की जाएगी।

CUG एक नजर में
बता दें कि केंद्रीय विश्वविद्यालय में 9 विद्यापीठ और 24 विभाग हैं। विश्वविद्यालय का प्रमुख शैक्षणिक कार्यक्रम स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के अलावा 20 विषयों में 5 वर्षीय यूजी-पीजी कोर्स है। विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के पाठ्यक्रम और क्रेडिट फ्रेमवर्क के अनुसार विकसित किया गया है। विश्वविद्यालय विज्ञान, अभियांत्रिकी, मानविकी और सामाजिक विज्ञान, जन संचार और प्रबंधन विषयों में डॉक्टरेट कार्यक्रम भी प्रदान करता है।

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -