गढ़वा
गढ़वा जिले में चिनिया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 12 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय मलार उर्फ संजू मलार के रूप में हुई है, जो पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के सिक्की खूर्द (छोटकी) गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चिनिया थाना कांड संख्या-58/14 दर्ज था और वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। लगातार ठिकाना बदलने और पहचान छिपाने के कारण पुलिस को उसे पकड़ने में काफी समय लग गया।
दहेज प्रताड़ना और दूसरी शादी का आरोप
जानकारी के मुताबिक, संजय मलार के खिलाफ 8 सितंबर 2014 को चिनिया थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 498(A) के तहत दहेज प्रताड़ना और धारा 494 के तहत पत्नी के जीवित रहते दूसरी शादी करने का मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही वह फरार हो गया था।
पहचान बदलकर बचता रहा गिरफ्तारी से
चिनिया थाना प्रभारी विकु कुमार रजक ने बताया कि आरोपी काफी समय से अलग-अलग जगहों पर रहकर अपनी पहचान बदलता रहा, ताकि पुलिस उसे पकड़ न सके। उसके खिलाफ अदालत से वारंट भी जारी किया गया था, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस को हाल ही में आरोपी के गुप्त ठिकाने की जानकारी मिली, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।