logo

गढ़वा के मजदूर की गुजरात में हार्ट अटैक से मौत, कंपनी ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता का दिया भरोसा

dgxv.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गढ़वा जिले के डंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत मढ़नवा टोला के रहने वाले एक मजदूर की गुजरात में मौत हो गई। मृतक की पहचान अजीत कुमार के रूप में हुई है, जो सानंद में केईसी (KEC) कंपनी की साइट पर एक निजी कंपनी 'एएनजी' (ANG) के जरिए काम कर रहे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बताया जा रहा है कि अजीत कुमार के बेटे और बेटी दोनों की शादी तय हो चुकी थी और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस आकस्मिक घटना ने सब कुछ बदल दिया। घटना के बाद एएनजी कंपनी के कर्मियों, ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। जिसके बाद मृतक के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
मृतक के बेटे धीरज ने बताया कि उनके पिता की मृत्यु हृदय गति रुकने के कारण हुई है। वहीं एएनजी कंपनी के कर्मचारी ने कहा की हमारी कंपनी की ओर से 5 लाख की सहायता राशि दी जा रही है, इसके अलावे जो भी इंश्योरेंस सहित अन्य सुविधा हैं वह भी प्रदान किया जाएगा।
कंपनी की इस पहल पर मृतक के बेटे ने कहा कि कंपनी प्रबंधन ने इस दुख की घड़ी में परिवार की आर्थिक सहायता की है, जिससे वे संतुष्ट हैं। वहीं, मौके पर मौजूद पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सुषमा मेहता ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह गांव के लिए एक दुखद क्षति है। उन्होंने कहा कि मृतक मजदूर के परिवार के लिए कंपनी ने जो सहायता का वादा किया है, वह सराहनीय है।

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news garhwa news garhwa khabar