logo

केंद्र से बकाया 1.36 लाख करोड़ मिले तो एक दिन में खत्म कर देंगे झारखंड का पिछड़ापन: हेमंत सोरेन

a398.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, जामताड़ा:

जामताड़ा के नाला में आयोजित सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यदि बकाया पैसा मिलता तो एक दिन में झारखंड का पिछड़ापन मिटा देते। सीएम ने कहा कि प्रधानों ने मानदेय बढ़ाने की मांग की थी। हम आपकी चिंता करते हैं। समय के साथ सबकी समस्याओं का समाधान होगा। हम संसाधन मांगते हैं तो षड्यंत्र किया जाता है। झारखंड का केंद्र सरकार के पास 1.36 लाख करोड़ रुपये बकाया है लेकिन पैसे लौटाने की बजाय हमारी सरकार को अपदस्थ करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यदि बकाया पैसा मिलता तो एक दिन में झारखंड का पिछड़ापन मिटा देते। यदि बकाया पैसा मिलता तो बुजुर्गों को ज्यादा पेंशन देते। प्रधानों के मानदेय में इजाफा करते। गैस सिलेंडर 1200 की बजाय 500 रुपये का मिलता। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि गरीबों को हक मांगने से नहीं मिलता बल्कि लड़ना पड़ता है।

केंद्र ने महंगाई को आसमान पर पहुंचा दिया 
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद सरकार ने महंगाई को आसमान पर पहुंचा दिया है लेकिन पेंशन, तनख्वाह, मनरेगा मजदूरी नहीं बढ़ी। विपक्ष पार्टी आदिवासी, दलित, मूलवासी, पिछड़ा और अल्पसंख्यक को छल रही है। इससे झारखंड की आवाम की दुर्दशा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्भाग्य से हमारे पूर्वज पढ़े-लिखे नहीं थे इसलिए हम ठगे गए। मौजूदा पीढ़ी पढ़-लिख रही है और हालात बदलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में प्रदेश के नौजवानों को इतना सशक्त बनाएंगे कि वे झारखंड से पिछड़ेपन का कलंक मिटा सकें। इसके लिए रोजगार और शिक्षा आधारित कई योजनाएं संचालित की जा रही है।

2 वर्षों में शिकायतों के 1 करोड़ आवेदन मिले
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी सरकारों ने पदाधिकारियों को जनता की बजाय अपनी सेवा में लगाया। वर्ष 2021 में पहले कैंप में 35 लाख आवेदन मिले। वर्ष 2022 में दूसरे कैंप में 55 लाख आवेदन मिले। करीब 1 करोड आवेदन मिले तो मैं हैरान था कि 20 वर्षों में क्या काम हुआ। क्या जिला और ब्लॉक कार्यालय में काम नहीं हुआ? आखिर इतनी समस्याएं क्यों आई? पेंशन, आवास, राशन, शिक्षा से जुड़ी शिकायतें मिली। आवेदन के माध्यम से ग्रामीण इलाकों की समस्याएं समझी। कार्ययोजना का आधार आपका आवेदन बना। सीएम ने कहा कि झारखंड को मजबूत करने के लिए इसके गांवों को मजबूत करना होगा।