द फॉलोअप डेस्क
कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे की अध्यक्षता में रविवार को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कंपनी के कार्य निष्पादन, भविष्य की योजनाओं और रणनीतिक प्राथमिकताओं की समग्र समीक्षा की गई।
इस दौरान कोयला मंत्रालय के वरीय पदाधिकारी, सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, मानव संसाधन के निदेशक हर्ष नाथ मिश्र, तकनीकी/संचालन के निदेशक चंद्र शेखर तिवारी, योजना एवं परियोजना के निदेशक अनुप हंजुरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान मंत्री सतीश चंद्र कोयला उत्पादन की प्रगति, परिचालन दक्षता, खनन सुरक्षा मानकों के अनुपालन, पर्यावरण संरक्षण पहलों तथा चल रही एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान वित्तीय वर्ष की कार्य योजनाओं के साथ-साथ दीर्घकालिक रणनीति, नवाचार तथा तकनीकी सुदृढ़ीकरण पर भी विशेष बल दिया।
मंत्री ने सीसीएल द्वारा देश के ऊर्जा क्षेत्र में दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षित, सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल खनन को प्राथमिकता देते हुए ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की बात की। बैठक में भविष्य की चुनौतियों से निपटने, परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन तथा कोयला क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए समन्वित प्रयासों पर भी बल दिया गया।
ज्ञात हो कि कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बीते कल पलामू सांसद वी.डी. राम की उपस्थिति में राजहरा कोलियरी के नवसंचालन हेतु उद्घाटन किया। इस कोलियरी के पुनः संचालन से पलामू क्षेत्र के लोगों, विशेषकर युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे तथा क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।