द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के मौसम में अब धीरे-धीरे बदलाव दिखना शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार हैं, क्योंकि न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि, सुबह के वक्त कोहरे का असर अभी भी बना रहेगा, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित हो सकता है।
वहीं राज्य में अगले दो दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखि जा सकती है। इसके बाद तापमान स्थिर रहने का अनुमान है। तापमान बढ़ने से लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी, हालांकि सुबह और शाम के समय अभी भी हल्की ठंड का अहसास बना रहेगा।
रांची, बोकारो, धनबाद और हजारीबाग समेत मध्य झारखंड के जिलों में सुबह के समय दृश्यता कम रह सकती है। राजधानी रांची में 25 जनवरी तक अधिकतम तापमान 26-28°C और न्यूनतम तापमान 9-12°C के बीच रहने की संभावना है। बीते 24 घंटों में 30.4 डिग्री के अधिकतम तापमान के साथ चाईबासा सबसे गर्म और 5.1 डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ खूंटी सबसे ठंडा जिला दर्ज किया है।.jpeg)
फिलहाल मौसम विभाग ने किसी भी तरह की गंभीर चेतावनी जारी नहीं की है। मौसम शुष्क रहने के कारण स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन सुबह के समय घने कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को विशेष सावधानी बरतने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।