logo

विधवा साली से शादी करने के लिए नाबालिग साले को किया अगवा, जीजा गिरफ्तार

wido.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां विधवा साली से शादी करने का दबाव बनाने के लिए एक व्यक्ति ने अपने ही नाबालिग साले का अपहरण करवा दिया। पुलिस ने इस मामले में कुरमीडीह निवासी सूरज यादव समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और अपहृत नाबालिग को तिलैया थाना क्षेत्र के मोरियावां गांव से सकुशल बरामद कर लिया है। कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष ने गुरुवार को बताया कि वार्ड-24 स्थित शीतला माता मंदिर के पास रहने वाली वीणा देवी ने बुधवार को तिलैया थाने में अपने नाबालिग भाई की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने जीजा सूरज यादव पर संदेह जताते हुए बताया कि उनका भाई रोज की तरह बेलाटांड़ स्कूल गया था, लेकिन छुट्टी के बाद घर वापस नहीं लौटा।


सख्ती में आरोपी ने कबूला अपराध
एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया और संदिग्ध सूरज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया और उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह अपनी विधवा साली से शादी करना चाहता था और इस बात को मनवाने के लिए पत्नी समेत ससुराल पक्ष पर दबाव बनाना चाहता था। इसी उद्देश्य से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर नाबालिग के अपहरण की साजिश रची और उसे अगवा कर लिया।

दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
आरोपी सूरज यादव की निशानदेही पर पुलिस टीम तिलैया थाना क्षेत्र के मोरियावां गांव पहुंची, जहां उसके साथी संतोष सिन्हा के घर में नाबालिग को बंधक बनाकर रखा गया था। वहां से पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया। साथ ही मौके से संतोष सिन्हा और एक अन्य आरोपी पिंटू को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जो अपहृत की निगरानी कर रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

 

Tags - crime kidnapping jharkhand koderma police investigation