द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग से एक बड़ी खबर आ रही है, जहां उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन की टीम ने 30 नवंबर को पूर्णापानी, चुरचू स्थित अनिल सिंह के खाद्य परिसर पर औचक छापेमारी की। मौके से 1.3 क्विंटल मिलावटी पनीर, 40 लीटर मक्खन और 10 किलो मक्का स्टार्च जब्त किया है। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया मिलावटी पनीर और मक्खन के उत्पादन की पुष्टि की गई है।
अधिकारियों ने मौके से 1.3 क्विंटल मिलावटी पनीर, 40 लीटर मक्खन और 10 किलो मक्का स्टार्च जब्त कर चरही थाना में सुरक्षित जमा कराया। संदिग्ध पनीर और मक्खन के नमूने संग्रहित कर राज्य खाद्य जाँच प्रयोगशाला, नामकुम भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद जब्त सामग्री को नष्ट किया जाएगा।.jpeg)
निरीक्षण में परिसर में अत्यधिक गंदगी, अस्वच्छ वातावरण और बिना FSSAI लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन के खाद्य निर्माण की पुष्टि हुई। गंभीर उल्लंघनों के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत परिसर को अगले आदेश तक सील कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रतिष्ठान से मिलावटी या खराब गुणवत्ता का खाद्य पदार्थ मिलने पर तुरंत ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ ऐप पर शिकायत दर्ज करें। विभाग को ऐप के माध्यम से तत्काल सूचना मिलती है, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होती है।