logo

विधायक सोमेश ने लाभुकों में सामग्री का किया वितरण, बोले- यह सरकार के जनहित के प्रति समर्पण का प्रतीक

सोमेश__.jpg

द फॉलोअप डेस्क

सरकार की महत्वाकांक्षी आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शनिवार को मुसाबनी प्रखंड के माटीगोड़ा पंचायत भवन में शिविर का आयोजन हुआ। शिविर का उद्घाटन घाटशिला के नवनिर्वाचित विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विधायक ने प्रशासन के द्वारा लगाये गये विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को झारखंड सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिये प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं से जुड़े आवेदनों को प्राप्त किया गया और कई मामलों का मौके पर निष्पादन भी किया।

इस अवसर पर शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक सोमेश सोरेन ने कहा कि यह जनसरोकार आधारित पहल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की राज्य की जनता के प्रति संवेदनशील नेतृत्व शैली और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। आज शिविर में शामिल होकर जनसमस्याओं को नजदीक से समझने का मौका मिला। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह सुनिश्चित किया है कि हर पात्र लाभुक तक योजनाएं पहुंचें और पिछली बार की तरह इस बार भी शिविरों में हजारों लोगों को लाभ मिल रहा है।

शिविर में विधायक ने ग्रामीणों के बीच धोती-साड़ी, जॉब कार्ड, छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल एवं अन्य परिसंपत्ति का वितरण किया। इसके अलावा नवजात शिशुआओं की मुंह जूठी एवं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी कराई गई।

बता दें कि शिविर में अबुआ आवास योजना, आय, आवासीय व जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, राजस्व अभिलेखों में सुधार, राशन कार्ड में संशोधन, वृद्धा एवं सर्वजन पेंशन, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना सहित विभिन्न योजनाओं के सैकड़ों आवेदन प्राप्त किये गये। मौके पर ही कई लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।

Tags - jharkhand news jharkhand kahbar jharkhand update la news ghatshila khabar somesh soren news