द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सरकार अब मुंबई में भी अपने राज्य का प्रतिनिधि भवन बनाने जा रही है। दिल्ली के बाद अब नवी मुंबई के वाशी इलाके में झारखंड भवन का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 136 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा और इसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा विशेष अतिथियों के ठहरने की पूरी व्यवस्था होगी।
भवन निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। अब सिर्फ टेंडर फाइनल करना बाकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और 2 साल के भीतर यह भवन बनकर तैयार हो जाएगा। भवन के लिए वाशी के सेक्टर 30ए में प्लॉट नंबर 2C पर 63.65 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराई गई है। इस भवन में बेसमेंट से लेकर सातवीं मंजिल तक कई आधुनिक सुविधाएं होंगी। बेसमेंट में 27 कार और 137 बाइक की पार्किंग होगी।
ग्राउंड फ्लोर में डाइनिंग हॉल, किचन, जिम, लॉकर रूम, वीआईपी लाउंज होगा। पहली मंजिल में वीआईपी वेटिंग एरिया, सेमिनार हॉल, एग्जिबिशन हॉल, दूसरी मंजिल में रेसिडेंट सेक्रेटरी का चेंबर, मीटिंग रूम, लाउंज, तीसरी व चौथी मंजिल में 10-10 डॉरमेट्री (प्रत्येक में 57 बेड), पांचवीं मंजिल में 19 डिलक्स कमरे (विशेष अतिथियों के लिए), छठी मंजिल में 9 एक्जीक्युटिव रूम (अति विशिष्ट मेहमानों के लिए) और सातवीं मंजिल में मुख्यमंत्री व राज्यपाल के ठहरने की व्यवस्था होगी। 2 मास्टर बेडरूम, मीटिंग रूम, डाइनिंग एरिया, लिविंग रूम भी बनाए जाएंगे। मुंबई में रहने या इलाज, पढ़ाई, नौकरी या सरकारी काम से जाने वाले झारखंड के लोगों को इस भवन से बड़ा फायदा मिलेगा। इसके साथ ही राज्य के प्रतिनिधियों, मंत्रियों और अधिकारियों को भी सुविधाजनक आवास मिल सकेगा।
