द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले से फायरिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां पूटकी थाना क्षेत्र की न्यू सुदामाडीह कॉलोनी में पुराने विवाद को लेकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान अजय सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक अजय सिंह का अपने पड़ोसी टीटू सिंह से पहले से विवाद चल रहा था और यह विवाद बीती रात हिंसक रूप ले बैठा। जहां फायरिंग में गोली लगते ही अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। 
घटना के बाद घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर मृतक के पुत्र अविनाश कुमार ने बताया कि बुधवार देर रात टीटू सिंह अपने बेटे के साथ उनके घर पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने लगा। यह कहासुनी हिंसा में बदल गई और टीटू सिंह के बेटे ने घर से बंदूक निकालकर अपने पिता को थमा दी। 
टीटू सिंह के हाथ में बंदूक आते ही अजय सिंह पर सीधी गोली चला दी। गोली लगते ही अजय सिंह जमीन पर गिर पड़े और खून बहने लगा। फायरिंग के बाद दोनों पिता-पुत्र मौके फरफर हो गए। वहीं परिवार वालों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। .jpeg)
वहीं मामले को लेकर पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने जानकारी दी और कहा "अजय सिंह की हत्या देर रात करीब एक बजे हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। उनके बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के कारण यह वारदात अंजाम दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।"
उन्होंने आगे कहा "मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी टीटू सिंह की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"